पेट्रोल पंपों में होने वाली धांधली पर नजर रखने के लिए अतिरिक्त मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में टीम गठित कर दी गई है। टीम गठित होते ही सक्रिय भी हो चुकी है। बुधवार को टीम ने इसकी शुरूआत टेवा स्थित पेट्रोल पंप से की। इस पंप की विधिवत जांच की गई। घटतौली तो नहीं मिली लेकिन पंप पर रहने वाली मूलभूत सुविधाओं की कमी थी। इस पर टीम ने नाराजगी जाहिर की।
जिले में पेट्रोल पंपाें पर तेल की घटतौली रोकने के लिए डीएम अखंड प्रताप सिंह ने टीम का गठन कर दिया है। अतिरिक्त मजिस्ट्रेट एसएन सिंह के नेतृत्व में बुधवार को डीएसओ, कंपनी के सेल्स मैनेजर, बाट-माप इंस्पेक्टर व नोजल बनाने वाले कंपनी के टेक्निकल मैनजर को शामिल किया गया है। गठन के बाद टीम ने बुधवार को टेंवा स्थित पांडेय इंटरप्राइजेज पेट्रोल पंप का निरीक्षण किया। जांच के दौरान घटतौली नहीं मिली लेकिन हवा, पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव दिखा। इस पर टीम प्रभारी ने पंप संचालक से नाराजगी जाहिर की। टीम प्रभारी ने बताया कि पेट्रोल पंपों का निरीक्षण लगातार जारी रहेगा। किसी भी पंप के कंट्रोल यूनिट में चिप लगी पाई गई तो उसे तत्काल सीज कर दिया जाएगा।