भरवारी नगर पालिका के चकमाहपुर में बन रही सीसी सड़क की जांच करते जेई मनोज सिंह। संवाद
नगर पालिका परिषद भरवारी के वार्ड नंबर 12 कृष्णानगर के चकमाहपुर में ग्रामीणों ने सीसी रोड का निर्माण मंगलवार को बंद करा दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार मानक के विपरीत घटिया निर्माण सामग्री लगा रहा है।
शिकायत पर जांच करने जेई पहुंचे और प्रथम दृष्टया आरोपों की पुष्टि करते हुए मानक के मुताबिक गुणवत्तापूर्ण कार्य करने की हिदायत दी। उनके जाते ही ठेकेदार ने फिर काम शुरू करा दिया। तब लोगों ने डीएम से शिकायत की और काम बंद कराया।
चकमाहपुर में फूलचंद्र के घर से गनेश प्रसाद के घर तक सीसी रोड बन रही है। मंगलवार को कस्बे के राम प्रकाश, महेंद्र कुमार व आलोक ने मौके पर पहुंचकर घटिया निर्माण सामग्री लगाने का आरोप लगाया।
लोगों ने काम बंद कराकर सभासद सूरज यादव को जानकारी दी। मौके पर पहुंचे सूरज ने देखा की ठेकेदार मानक के विपरीत घटिया सीमेंट व बालू का प्रयोग कर निर्माण करा रहा है।
तत्काल इसकी जानकारी जेई मनोज कुमार को दी। जेई ने कहा कि मानक के अनुरूप मोरंग, नान ट्रेड ओपीसी सीमेंट का प्रयोग नहीं करें। आरोप है कि जेई के जाने के बाद ठेकेदार ने दोबारा जबरन काम शुरू कर दिया।
इस पर सभासद ने डीएम को प्रकरण की जानकारी दी। डीएम ने जांच कराने का निर्देश दिया है। दोबारा पहुंचे जेई ने सख्ती के साथ काम बंद कराते हुए नोटिस देने की बात कही है।