बच्चा चोरी के शक पर भीड़ ने पेंटर को पीटा
मंझनपुर। भरवारी कस्बे में गुरुवार सुबह बच्चा चोरी के शक पर कस्बाइयों ने एक पेंटर की पिटाई कर दी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने पेंटर को भीड़ के कब्जे से मुक्त कराया। मामले में किसी तरह की कोई पुलिसिया कार्रवाई नहीं की गई है।
हरदोई निवासी रामजी मिश्रा मकान की पेंटिंग का काम करता है। अभी तक वह चित्रकूट जिले के राजापुर कस्बे में कहीं काम लगाए हुए था। वहां से खाली होने के बाद काम की तलाश में गुरुवार सुबह भरवारी पहुंचा। भरवारी में लोगों ने उसे बच्चा चोर समझकर दौड़ा लिया और पकड़कर लाठी-डंडे से पिटाई शुरू कर दी। तभी किसी ने मामले की जानकारी चौकी पुलिस को दे दी। सूचना मिलते ही भरवारी चौकी प्रभारी मनोज राय फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित युवक को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर अस्पताल में भर्ती कराया। चौकी इंचार्ज का कहना है कि लोगों ने पेंटर की बच्चा चोर समझकर पिटाई की थी। किसी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।