सीएचसी चायल में मरीजों का इलाज करते डॉ अंकित चित्रांश
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चायल में इन दिनों मरीजों की संख्या बढ़ रही है लेकिन चिकित्सकों की संख्या घटती जा रही है। पर्याप्त चिकित्सक नहीं होने से व्यवस्था प्रभावित हो रही है। अस्पताल चिकित्सकों की कमी से जूझ रहा है। वर्तमान में अस्पताल में कुल स्वीकृत छह चिकित्सकों में केवल तीन ही चिकित्सक बचे हैं।
चिकित्सकों के स्थानांतरण और ट्रेनिंग के लिए चले जाने पर अभी तीन पद खाली पड़े हैं। सीएचसी चायल में प्रतिदिन करीब 250 मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। इनके इलाज के लिए अस्पताल में महिला रोग, बाल रोग, मेडिसिन, एनेस्थीसिया और फिजीशियन सहित छह चिकित्सकों के पद स्वीकृत हैं।
वर्तमान में डाॅ. अंकित चित्रांश और डाॅ. मानसी उपाध्याय ही ओपीडी में बैठ रहीं हैं। वहीं, अधीक्षक डाॅ. संजय सिंह का अधिकांश समय प्रशासनिक कार्यों में व्यतीत होता है। बुधवार को इलाज के लिए सुधवर गांव से आए रघुनाथ ने बताया कि वह अपने बीमार बच्चे के इलाज के लिए आए थे, लेकिन बाल रोग विशेषज्ञ न मिलने से बिना उपचार लौटना पड़ रहा है।
वहीं, अरविंद कुमार ने बताया कि बार-बार पेशाब की समस्या के लिए जांच रिपोर्ट दिखानी थी पर सर्जन उपलब्ध न होने से फिजिशियन डाॅ. अंकित ने रिपोर्ट देख कर दवा लिख दिया है।
सीएचसी के दो चिकित्सकों का पीजी कोर्स में हो गया है। एक का स्थानांतरण होने से चिकित्सकों की कमी हो गई है। तैनाती के लिए विभाग से पत्राचार किया गया है। संविदा पर तैनात डाॅ. नवीन, डाॅ. अंकित और डाॅ. मानसी सहित उनके द्वारा अस्पताल आने वाले सभी मरीजों का इलाज किया जाता है। -डाॅ. संजय सिंह, अधीक्षक चायल