बस डिपो में शनिवार को आयोजित उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के कार्यक्रम के कारण सुबह करीब 11 बजे से शाम पांच बजे तक बसों का संचालन प्रभावित रहा। सैकड़ों यात्री डिपो में घंटों बसों का इंतजार करते रहे। अन्य जिलों से आने वाली बसें बाहर से निकल गईं।
कई यात्री जरूरी काम से निकले थे लेकिन बसें न मिलने से उन्हें अन्य साधनों का सहारा लेना पड़ा। स्थिति उस समय और बिगड़ गई जब मंझनपुर पेट्रोल पंप के पास एक बस खराब हो गई। वर्कशॉप में कार्यक्रम होने के कारण मरम्मत के लिए कोई कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंच सका और बस सड़क पर ही खड़ी रही। कार्यक्रम के बाद भी यातायात व्यवस्था सामान्य नहीं हो सकी। बस डिपो और आसपास के मार्गों पर करीब एक घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
जरूरी काम से प्रयागराज जाना था। घर से किसी तरह ई-रिक्शा से मंझनपुर डिपो तो आ गया। काफी देर तक डिपो में खड़ा रहा लेकिन कोई बस नहीं आई। फिर मजबूरी में दूसरे साधन से जाना पड़ा।
- सतीश कुमार, टेंवा
राजापुर में रिश्तेदार के यहां जरूरी काम से जाना था। चाचा के साथ दोपहर में बस डिपो पहुंचे ताकि समय से बस मिल सके लेकिन वहां बस नहीं थी। जानकारी लेने पर कर्मचारियों ने बताया कि बसें देर से आएंगी।
- धर्मेंद्र कुमार, धाता
बस डिपो परिसर में डिप्टी सीएम के कार्यक्रम की जानकारी दी गई थी। लेकिन बसों को स्टैंड तक यात्रियों को पहुंचाने के लिए आदेशित किया गया था। यात्रियों को स्टैंड से पहले रास्ते में उतारने की कोई जानकारी उन्हें नहीं है। यदि ऐसा हुआ है तो इस मामले की पूरी जांच कराई जाएगी।
- जयकरन, एआरएम रोडवेज