मंझनपुर। उमस भर गर्मी से राहत दिलाने के लिए परिवहन निगम जल्द ही दोआबा में वातानुकूलित रोडवेज बसें संचालित करने वाला है। मंझनपुर डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (एआरएम) ने परिवहन निगम मुख्यालय लखनऊ को दो बसों के लिए मांग पत्र भेजा है। माना जा रहा है कि इसी महीने वातानुकूलित बस सेवा संचालित कर दी जाएगी।
जनपद में कानपुर, लखनऊ, रायबरेली, ऊंचाहार, बांदा, चित्रकूट, हमीरपुर और प्रयागराज सहित अन्य शहरों के लिए मंझनपुर डिपो से 26 बसें संचालित कर रखी हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में भी यात्रा सुगम बनाने के लिए परिवहन निगम ने शासन से 12 बसों की मांग की थी। जो इसी माह आनी है। वहीं गर्मी में तापमान काफी तेजी के साथ बढ़ा हुआ है।
नतीजतन, रोडवेज बसों में लंबी यात्रा करने वाले लोगों को उमस भरी गर्मी से परेशान होना पड़ता है। मंझनपुर डिपो से कानपुर व लखनऊ के लिए जल्द ही दो वातानुकूलित रोडवेज बसें चलाई जाएंगी। इसके लिए शासन को मांग पत्र भेजा गया है। इसमें 42 या 52 सीटें रहेंगी। अन्य एसी बसों की अपेक्षा इसका किराया भी कम रहेगा।
मंझनपुर डिपो से कानपुर व लखनऊ के लिए दो वातानुकूलित बसों के संचालन की तैयारी की जा रही है। इसके लिए परिवहन निगम मुख्यालय लखनऊ को बृहस्पतिवार को पत्र भेजा गया है। संभवत: इसी माह से डिपो को दोनों बसें उपलब्ध हो जाएंगी। सीबी राम, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक, लीडर रोड /मंझनपुर डिपो