रेलवे की लेटलतीफी से यात्रियों को राहत नहीं मिल रही है। शुक्रवार को भरवारी रेलवे स्टेशन से गुजरने वाली कई ट्रेनें निर्धारित समय से देरी से पहुंची, जिससे यात्रियों को घंटों स्टेशन पर इंतजार करना पड़ा। खासकर प्रयागराज, वाराणसी, कानपुर और बिहार की ओर जाने वाले यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ी।
कानपुर से भरवारी होकर प्रयागराज, वाराणसी और बिहार सहित अन्य शहरों को जाने वाली संगम एक्सप्रेस सुबह 6:45 बजे के स्थान पर 7:45 बजे, यानी एक घंटे की देरी से पहुंची। प्रयागराज स्पेशल सुबह 8:08 बजे के बजाय दोपहर 11:24 बजे पहुंची, जिससे यह ट्रेन तीन घंटे 16 मिनट लेट रही। चित्रकूट कर्वी इंटरसिटी एक्सप्रेस सुबह 9:10 बजे के स्थान पर 9:28 बजे, यानी 18 मिनट की देरी से पहुंची। उधर, प्रयागराज से भरवारी होकर फतेहपुर, कानपुर, अलीगढ़, टूंडला और नई दिल्ली जाने वाली मेमू ट्रेन 19 मिनट की देरी से पहुंची। सिक्किम महानंदा एक्सप्रेस निर्धारित समय सुबह 9:55 बजे के स्थान पर दोपहर 12:27 बजे स्टेशन पहुंची और यह ट्रेन 2 घंटे 32 मिनट लेट रही।
ट्रेनों की देरी से परेशान यात्री मनीष, रवींद्र और राहुल ने बताया कि ट्रेन समय पर न पहुंचने के कारण वे वाराणसी समय पर नहीं पहुंच सके। यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से ट्रेनों का संचालन समय से कराने की पुरजोर मांग की है।