विकास खंड कौशाम्बी के कोषम इनाम गांव के मरेगा मजदूरों ने मंगलवार को पंचायत मित्र के घर हंगामा किया। आरोप था कि तालाब खुदाई करने के माह भर बाद भी मजदूरी का भुगतान नहीं हुआ। मौके पर पहुंचे ग्राम प्रधान ने एपीओ की लापरवाही बताई तो मजदूर ब्लॉक पहुंचे और बीडीओ से शिकायत की।
कोषम इनाम गांव के रामबहोरी तालाब की खुदाई एक माह पहले ग्राम प्रधान ने कराई थी। दो लाख 57 हजार के इस्टीमेट से खुदवाए गए तालाब में गांव के पितई लाल, झुरई, रामसंवारे, जीवनलाल समेत 50 मजदूरों ने काम किया। काम करने के बाद मजदूरी की फीडिंग एपीओ पंकज श्रीवास्तव की लापरवाही के चलते नहीं हो सकी। उधर मजदूरी न मिलने को लेकर परेशान मजदूर मंगलवार को पंचायत मित्र अशोक के घर जा धमके और हंगामा शुरू कर दिया। इसकी जानकारी जैसे ही ग्राम प्रधान को हुई तो वह मौके पर पहुंचे और मजदूरों को बताया कि एपीओ की गड़बड़ी से मजदूरी का भुगतान नहीं हुआ है। इस पर नाराज मजदूर ब्लॉक पहुंचे और बीडीओ कमलेश कुमार से मिलकर मजदूरी भुगतान न होने को लेकर नाराजगी जाहिर की। बीडीओ ने फीडिंग का काम पूरा कराते हुए जल्द मजदूरी भुगतान कराने का आश्वासन दिया है।
मजदूरों को देख ब्लॉक से भागा एपीओ
कोषम इनाम गांव के मजदूरों के काम की फीडिंग नहीं हो सकी थी। इसके चलते 50 मजदूरों को हजारों रुपया भुगतान नहीं हो सका। इसके खिलाफ मजदूर जब ब्लॉक पहुंचे तो एपीओ को कहीं से भनक लग गई। सूत्रों की माने तो मजदूरों का गुस्सा भांपकर एपीओ ब्लॉक से किसी काम के बहाने रफूचक्कर हो गया।
कोषम इनाम गांव के मजदूरों की मजदूरी का भुगतान लंबित है। इसकी जानकारी मुझे नहीं थी। मामले में एपीओ की लापरवाही उजागर हुई है। इस बावत उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजते हुए मजदूरी का भुगतान जल्द करा दिया जाएगा।
कमलेश कुमार, बीडीओ कौशाम्बी
मानदेय न मिलने से भुखमरी की कगार पर पंचायत मित्र
विकास खंड कौशाम्बी के 57 ग्राम सभाओं में तैनात पंचायत मित्रों का मानदेय दो साल से नहीं मिल सका है। इसके चलते पंचायत मित्र भुखमरी की कगार पर पहुंच गए हैं। पंचायत मित्र महेंद्र द्विवेदी, राजीव मिश्र, कृष्ण कुमार आदि का आरोप है कि पटल सहायक भानू कुशवाहा की मनमानी के चलते मानदेय नहीं मिल पा रहा है। मामले की शिकायत पंचायत मित्रों ने बीडीओ कमलेश कुमार से करते हुए मानदेय भुगतान कराने की मांग की है।