पंचायत चुनाव के तहत जिला पंचायत और बीडीसी सदस्य पद के लिए हो रहे चुनाव के चौथे चरण की तैयारी में अफसर जुट गए हैं। कौशाम्बी और सरसवां ब्लाक के 404 बूथों पर होने वाले चुनाव में ड्यूटी पर लगे कर्मचारियों का सोमवार को प्रशिक्षण हुआ। इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी समेत अन्य अफसरों ने चुनाव कर्मचारियों को बगैर किसी गड़बड़ी के निष्पक्ष मतदान की बारीकियों से अवगत कराया।
बता दें कि पंचायत चुनाव के तहत इन दिनों जिला पंचायत और क्षेत्र पंचायत (बीडीसी) सदस्यों के निर्वाचन के लिए मतदान चल रहा है। चार चरण में हो रहे मतदान का आखिरी चरण 29 अक्तूबर को है। चौथे चरण में जनपद के कौशाम्बी और सरसवां ब्लाक में मतदान कराया जाना है। इस चरण में कुल 404 बूथों पर वोट डाले जाने हैं। इसके लिए करीब 1600 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। ड्यूटी पर लगाए गए कर्मचारियों का सोमवार को ओसा स्थित मंडी में प्रशिक्षण आयोजित किया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी एके सिंह ने कर्मचारियों को निष्पक्ष चुनाव कराने की सीख दी। उन्होंने बताया कि चौथे चरण के लिए जनपद के कौशाम्बी और सरसवां ब्लाक क्षेत्र के 193 क्षेत्र पंचायत सदस्य और 8 जिला पंचायत सदस्य पद के लिए चुनाव होना है। इसके लिए 141 मतदान केंद्र और 404 मतदेयस्थल बनाए गए हैं। सभी बूथों पर सुरक्षा की तगड़ी व्यवस्था की गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान ड्यूटी पर लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की चेतावनी भी दी।