कड़ा ब्लाक की ग्रामसभा सयारा मीठेपुर के 250 लोगों का नाम मतदाता सूची से गायब होने से हड़कंप मचा है। गांववाले इसे स्थानीय रसूखवालों के कहने पर की गई बीएलओ की मनमानी करार दे रहे हैं। लोगों ने बुधवार को राज्य निर्वाचन आयोग को शिकायतीपत्र भेजा है। कड़ा ब्लाक की ग्रामसभा मीठेपुर सयारा की चतुरीपुर बस्ती के लोगों ने बताया कि स्थानीय एक स्कूल के हेडमास्टर को उनके गांव की मतदाता सूची दुरूस्त करने की जिम्मेदारी प्रशासन ने दी थी।
आरोप है कि बीएलओ ने स्थानीय रसूखदार व्यक्तियों के कहने पर चतुरीपुर, सयांरा, दर्जिन का पुरवा, फतैयापुर, निहालपुर आदि पुरवे के लगभग 250 उन ग्रामीणों का नाम मतदाता सूची से काटकर गायब कर दिया। जिन्होंने इससे पांच साल पहले हुए पंचायत चुनाव में मतदान किया था। इधर, पंचायत चुनाव के तहत जिला पंचायत और बीडीसी सदस्य पद के मतदान के दौरान इसका खुलासा हुआ, तो गांववाले सन्न रह गए। ग्रामीणों का कहना है कि बीएलओ की मनमानी के कारण ग्रामसभा के सैकड़ों लोग जिपं सदस्य और बीडीसी चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग करने से वंचित रह गए हैं। ग्रामीणों ने बुधवार को राज्य चुनाव आयोग को फैक्स भेजकर इसकी शिकायत की है।