कौशाम्बी के 103 ग्रामसभा में मंगलवार को प्रधान चुनने का दिन है। इसके लिए 951 प्रत्याशी मैदान में हैं। इन प्रत्याशियों के बीच अपना मुखिया चुनने को मतदाता तैयार हैं। गांव की नई सरकार के चुनाव को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह बना है। पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में चायल और नेवादा ब्लाक क्षेत्र में प्रधान और ग्राम पंचायत सदस्यों के चयन को मतदान होना है। मंगलवार को चायल के 29 और नेवादा के 74 गांव में प्रधान चुनने को वोटिंग होगी। बता दें कि चायल ब्लाक क्षेत्र में 29 ग्रामसभा हैं।
70 हजार 863 मतदाताओं वाले इस ब्लाक में प्रधान बनने के लिए 336 दावेदार मैदान में हैं। इसके अलावा ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए 460 दावेदार किस्मत आजमा रहे हैं। इसी तरह से नेवादा ब्लाक की 74 ग्रामसभा में प्रधान पद के लिए 615 उम्मीदवार मैदान में हैं। इन दावेदारों की किस्मत पर मुहर लगाने के लिए 1 लाख 32 हजार 503 मतदाता तैयार हैं। नेवादा ब्लाक क्षेत्र में ग्राम पंचायत सदस्य पद के कुल 942 पद हैं। इनमें से 507 सदस्य निर्विरोध चुन लिए गए हैं। दोनों ब्लाकों की कुल 103 ग्रामसभाओं में प्रधान चुनने के लिए लोगों में जबरदस्त उत्साह है। दावेदार भी एक-एक वोट के लिए आखिरी क्षण तक अपनी कोशिशों में जुटे हैं। प्रचार बंद होने के बाद भी सोमवार को लगभग सभी उम्मीदवार घर-घर दस्तक देकर अपनी जीत के लिए प्रयास करते नजर आए।