त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दूसरे चरण का मतदान मंगलवार को है। प्रधान और ग्राम पंचायत सदस्य चुनने को हो रहे इस चुनाव में चायल और नेवादा ब्लाक की 103 ग्रामसभाओं में वोट डाले जाएंगे। इसके लिए दोनों ब्लाकों में कुल 341 बूथ बनाए गए हैं। मतदान के लिए बनाए गए सभी बूथों पर सोमवार की शाम 5 बजे तक पोलिंग पार्टियां पहुंच जाने का दावा अफसरों ने किया है।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में प्रधान और ग्राम पंचायत सदस्य पदों के चुनाव चल रहा है। मंगलवार को दूसरे चरण के तहत कौशाम्बी के चायल ब्लाक की 29 और नेवादा ब्लाक की 74 ग्रामसभा के प्रधान और पंचायत सदस्य पद के लिए मतदान कराया जाएगा। चायल ब्लाक की 29 ग्रामसभा में वोटिंग के लिए 42 मतदानकेंद्रों पर कुल 111 बूथ बनाए गए हैं। वहीं नेवादा ब्लाक की 74 ग्रामसभा में मतदान को 94 मतदान केंद्र और 230 बूथ बने हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि दूसरे चरण के मतदान की सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
उन्होंने बताया कि चायल और नेवादा ब्लाक के सभी बूथों पर निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान की सारी तैयारियां पूरी कर ली गई है। चायल ब्लाक और नेवादा क्षेत्र के जयंतीपुर स्थित डिग्री कालेज परिसर ने मतदान के लिए सोमवार को पोलिंग पार्टियों की रवानगी की गई। दावा है कि शाम 5 बजे तक सभी 341 बूथों पर पीठासीन, मतदानकर्मी और सुरक्षा के लिए तैनात किए गए पुलिस और पीएसी के जवान पहुंच गए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने चुनाव ड्यूटी में तैनात किए गए सभी कर्मियों और अफसरों को पूरी ईमानदारी से मतदान कराने का निर्देश दिया है। चेताया है कि गड़बड़ी कराने की शिकायत मिली तो सीधे एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।