Paddy was not being bought at five centers, the in-charge was also absent
- फोटो : KAUSHAMBI
नवीन मंडी परिसर ओसा में बनाए गए धान खरीद केंद्रों का शुक्रवार को सदर एसडीएम प्रखर उत्तम ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें पांच केंद्रों से प्रभारी नदारद मिले। साथ ही केंद्र पर धान की खरीद भी नहीं हो रही थी। इस पर एसडीएम ने नाराजगी जाहिर करते हुए केंद्र प्रभारियों से जवाब मांगा है।
एसडीएम प्रखर उत्तम ने ओसा मंडी परिसर में विपणन शाखा मंझनपुर, कृषि उत्पादन मंडी समिति मंझनपुर, यूपीएसएस ओसा मंडी, नैफेड और श्री कुबेर प्रक्रियात्मक के दो-दो केंद्र तथा कौशाम्बी किसान प्रोडक्शन धान खरीद का निरीक्षण किया। कृषि उत्पादन मंडी समिति से संबंधित धान क्रय केंद्र के प्रभारी दिलीप मोहन वर्मा व विपणन शाखा के प्रभारी राकेश कुमार चौरसिया केंद्र पर उपस्थित रहकर धान खरीद करते हुए मिले।
जबकि नैफेड और श्री कुबेर प्रक्रियात्मक के सभी चार केंद्रों सहित कौशाम्बी किसान प्रोडक्शन केंद्र पर खरीद नहीं हो रही थी और न ही केंद्र प्रभारी उपस्थित मिले। वहीं विपणन शाखा के केंद्र पर किसानों की भीड़ थी। इस पर एसडीएम ने किसानों से अन्य केंद्रों पर भी जाकर अपने धान बेचने की बात कही। एसडीएम ने कहा कि किसानों का धान तेज गति से की जाए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम को जानकार हुई कि श्री कुबेर प्रक्रियात्मक के दोनों क्रय केंद्र मंडी समिति परिसर में कहां पर संचालित हैं, इसकी जानकारी किसानों को नहीं है।
उन्होंने विपणन निरीक्षक मंझनपुर को केंद्र से प्रतिदिन की निर्धारित क्षमता से अधिक आने वाले किसानों को नैफेड, श्री कुबेर प्रक्रियात्मक और कौशाम्बी किसान प्रोडक्शन से संबंधित क्रय केंद्रों पर भेजने का निर्देश दिया। साथ ही निजी एजेंसियों द्वारा संचालित क्रय केंद्रों का नाम, उनके प्रभारियों का नाम व मोबाइल नंबर की लिस्ट को मंडी के विभिन्न प्रवेश-निकास द्वार पर चस्पा कराने का निर्देश दिया।