39 क्रय केंद्रों में धान खरीद ठप
खाद्य विभाग ने बंद किया पोर्टल, अब विपणन के नौ केंद्रों पर की जा रही खरीद
संवाद न्यूज एजेंसी
मंझनपुर। खाद्य एवं रसद विभाग का पोर्टल बंद होने से जिले के 39 केंद्रों पर सोमवार से धान खरीद ठप हो गई है। अब केवल विपणन विभाग के नौ केंद्रों पर ही ऑफलाइन खरीद की औपचारिकता निभाई जा रही है। निर्धारित समय से महीने भर पहले ही केंद्रों पर खरीद ठप होने से तकरीबन डेढ़ हजार पंजीकृत किसानों की परेशानी बढ़ सकती है।
इस मर्तबा शासन ने जिले को करीब 52,050 मीट्रिक टन (एमटी) धान खरीदने का लक्ष्य निर्धारित किया था। इसके लिए विभिन्न विभागों एवं प्राइवेट एजेंसियों के 48 क्रय केंद्र खोले गए थे। इन केंद्रों को 28 फरवरी तक धान खरीद करने का निर्देश है। धान बेचने के लिए इस सत्र में जिले के तकरीबन 8,500 किसानों ने ऑनलाइल पंजीकरण करा रखा है। 27 जनवरी तक इनमें से सात हजार किसानों ने तकरीबन 48 हजार एमटी धान बेच लिया है। करीब डेढ़ हजार किसानों को अभी भी धान बेचना है। इससे पहले ही शासन ने पोर्टल बंद कर दिया है। इसके चलते गुरुवार से विपणन विभाग को छोड़कर अन्य विभागों एवं एजेंसियों के 39 केंद्रों पर खरीद ठप हो गई है। अब सिर्फ विपणन विभाग ही अपने नौ केंद्रों पर ऑफलाइन धान खरीदारी की औपचारिकता निभा रहा है। ऐसे में उपज बेचने के लिए किसान भटक रहे हैं। मंगलवार को चायल, कौशाम्बी, नेवादा आौर सिराथू क्षेत्रों में संचालित क्रय केंद्रों पर धान बेचने पहुंचे किसान रामधनी, रामजश, गुलशन यादव आदि को बैरंग लौटना पड़ा। इन किसानों का कहना है कि उनकी फसल देर से तैयार हुई है। 28 फरवरी तक समय दिया गया था। इसके बावजूद महीने भर पहले ही खरीद बंद करने से उन्हें खुले बाजार में कम कीमत पर उपज बेचना पड़ सकता है।
----------------
प्राइवेट एजेंसियों ने पखवाड़े भर पहले ही बंद कर दी थी खरीद
मंझनपुर। जिले भर में खोले गए 48 में 18 धान क्रय केंद्र प्राइवेट एजेंसियों के शामिल थे। इन केंद्रों पर खरीद पखवाड़े भर पहले से ही बंद कर दी गई है। जबकि इनमें से कई ने अभी तक लक्ष्य भी नहीं पूरा किया है। इन केंद्रों पर खरीद क्यों ठप की गई? इसका संतोषजनक जवाब अफसर भी नहीं दे पा रहे हैं।
-------------
इन विभागों/एजेंसियों के खोले गए थे केंद्र
विपणन विभाग-09
पीसीएफ-09
कर्मचारी कल्याण निगम-05
यूपीएसएस-02
एफसीआई-02
यूपी एग्रो-03
प्रइवेट एजेंसियां-18
----------------
कुल केंद्र-48
-----------
इनका कहना है
धान खरीद बंद करने का कोई अधिकृत निर्देश नहीं है। तकनीकी कारणों से 30 जनवरी तक के लिए शासन स्तर से पोर्टल बंद किया गया है। किसानों को समस्या नहीं हो इसके लिए विपणन विभाग के सभी केंद्रों पर ऑफलाइन खरीद की जा रही है।
अंशुमाली शंकर-डिप्टी आरएमओ