करारी में पिचकारियों से सजी दुकानें:संवाद
होली का त्योहार नजदीक आते ही नगर से लेकर कस्बों तक बाजार गुलजार हो गए हैं। आकर्षक पिचकारियों से दुकानें सज गई हैं। ज्यादातर दुकानों में इस समय ऑपरेशन सिंदूर, राफेल व स्ट्राइक गन, बाबा का बुल्डोजर, हथौड़ा, फरसा, त्रिशुल, तलवार, कुल्हाड़ी, चंद्रयान, पाईपपिक, लोडेड गन, नरेंद्र मोदी थीम वाली पिचकारियों की जबरदस्त मांग है।
बाजार में नए-नए डिजाइन और थीम वाली पिचकारियों की भरमार है। बच्चे से लेकर युवा अपनी-अपनी पसंद की पिचकारियां खरीद रहे हैं। होली में अब मात्र दो दिन ही बचे हैं। करारी, भरवारी, मंझनपुर, सरायआकिल, मूरतगंज आदि बाजारों में तरह-तरह की पिचकारियों से दुकानें सज गई हैं।
दुकानदार पप्पू मोदनवाल ने बताया कि इस बार हथियार की डिजाइन वाली पिचकारी की ज्यादा मांग है। हथियारों वाली पिचकारी 150 से 200 रुपये की है। दुकानदार बालक चौरसिया ने बताया कि लोग परिवार के साथ आकर थोक व खुदरा दोनों तरह से सामान ले जा रहे हैं।