एसओजी व संदीपनघाट कोतवाली पुलिस ने बृहस्पतिवार रात आलमचंद्र गांव के समीप मुठभेड़ में एक बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। इसी के साथ ही पुलिस ने 24 घंटे के भीतर हुई लूट की दो वारदात का भी खुलासा करने का दावा किया।
मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने से जख्मी बदमाश को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। आरोपी के पास से पुलिस ने बाइक के साथ ही लूटे गए जेवरात, तमंचा व कारतूस बरामद किया है। वहीं, रात के अंधेरे का फायदा उठाकर दूसरा बदमाश भागने में सफल हो गया।
आलमचंद गांव निवासी रामदेव पुत्र वासुदेव ने मूरतगंज बाजार में बीज की दुकान खोल रखी है। मंगलवार की शाम सात बजे के आसपास वह दुकान बंद करके अपने भाई उमाशंकर के साथ बाइक से घर लौट रहे थे।
गांव स्थित महेश्वरी प्रसाद इंटर कॉलेज के पास सड़क किनारे पहले से घात लगाकर खड़े दो बाइक सवार चार नकाबपोश बदमाशों उससे ढाई लाख रुपये लूट लिए थे।
बदमाशों ने बीज व्यापारी के साथ रहे उसके भाई उमाशंकर को कनपटी पर तमंचा सटा कर जान से मार देने की धमकी भी दी थी। वहीं, पइंसा कोतवाली के उदहिन बाजार से दुकान बंद कर जा रहे सर्राफा व्यापारी को जगन्नाथपुर पुलिया के समीप बुधवार शाम नकाबपोस तीन बदमाशों ने चार किलो चांदी व 20 ग्राम सोने के गहने लूट लिए थे।
ग्रामीणों ने एक बदमाश मोनू पासी निवासी शहजीपुर, थरवई, प्रयागराज को दौड़कर पकड़ लिया था। 24 घंटे के भीतर हुई लूट की दो वारदात पुलिस के लिए चुनौती बनी थी।
एसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने पुलिस की तीन टीमें गठित कर घटनाओं के खुलासे का निर्देश दिया था। बृहस्पतिवार रात एसओजी प्रभारी सिद्धार्थ सिंह, इंस्पेक्टर संदीपन घाट बृजेश करवरिया, चौकी प्रभारी मूरतगंज विजेंद्र सिंह ने मुखबिर की सूचना पर फोर्स के साथ आलमचंद गांव के समीप संदिग्ध अपाचे बाइक सवार की घेराबंदी की।
पुलिस को देखते ही बाइक सवार ने रफ्तार बढ़ा दी। आत्मसमर्पण के लिए ललकारने पर बदमाश ने पुलिस पर फायर कर दिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में सैनी कोतवाली के नरसिंहपुर कछुआ निवासी आरोपी पारस नाथ पटेल के बाएं पैर में गोली लगी। जबकि, अंधेरे का फायदा उठाकर दूसरा आरोपी दीपू फरार हो गया।
पुलिस ने पकड़े गए बदमाश के पास से लूट के जेवरात, एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा और बाइक बरामद किया। मुठभेड़ में जख्मी बदमाश पारस नाथ को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती करा दिया गया।