मंझनपुर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर मतदाता सूची का वृहद पुनर्निरीक्षण कार्यक्रम जारी हो गया है। एक अक्तूबर से घर-घर सर्वेक्षण और गणना का कार्य बीएलओ करेंगे। एक से पांच अक्तूबर तक ही नए मतदाता बनाने के लिए ऑनलाइन आवेदन किए जा सकेंगे। राज्य निर्वाचन अधिकारी के आदेश पर जिला निर्वाचन विभाग तैयारियों में जुट गया है।
राज्य निर्वाचन अधिकारी की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार एक अक्तूबर से 12 नवंबर तक घर-घर सर्वेक्षण व गणना कार्य बीएलओ करेंगे। एक से पांच अक्तूबर तक ही नए मतदाता बनाने के लिए ऑनलाइन आवेदन किए जा सकेंगे। आवेदनों की जांच छह से 12 नवंबर के बीच होगी। 13 नवंबर से पांच दिसंबर तक कंप्यूटरीकृत मतदाता सूची तैयार करने का कार्यक्रम है। मतदाता सूची का प्रकाशन छह दिसंबर को किया जाना है। इसका निरीक्षण आम लोग 12 दिसंबर तक कर सकेंगे। प्रकाशित मतदाता सूची पर आपत्ति व दावे छह से 12 दिसंबर तक लिए जाएंगे।
13 से 19 दिसंबर तक दावे और आपत्तियों का निस्तारण होगा। 20 से 28 दिसंबर के बीच दावे व आपत्तियों की पूरक सूची तैयार करके उसे मुख्य सूची में शामिल किया जाएगा। 29 दिसंबर को त्रिस्तरीय पंचायत मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन होगा। पंचस्थानीय चुनाव कार्यालय के वरिष्ठ सहायक विनोद कुमार ने बताया कि इसके लिए जिले भर में 630 बीएलओ की तैनाती कर उन्हें प्रशिक्षित किया जा चुका है।
इस बार 452 ग्राम पंचायतों में चुने जाएंगे ग्राम प्रधान
मंझनपुर। मतदाता पुनर्निरीक्षण की अधिसूचना जारी होने के बाद पंचायत चुनाव की तैयारी शुरू हो गई है। इस बार जिले की 452 ग्राम पंचायतों में मतदाता प्रधान का चुनाव करेंगे। इससे पहले 2015 में 498 ग्राम पंचायतों में प्रधान चुने गए थे। नगर पालिका भरवारी एवं मंझनपुर में 48 गांव समाहित होने से इस बार आकार छोटा हो गया है। पंचायत चुनाव के लिए जिला प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है।
इसके लिए सभी उप जिलाधिकारियों को बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) की तैनाती का जिम्मा सौंपा गया है। एक अक्तूबर से मतदाता पुनर्निरीक्षण अभियान शुरू हो जाएगा। इस बार जिले की 452 ग्राम पंचायतों के लिए प्रधान का चुनाव होगा। बीते चुनाव में 498 ग्राम पंचायतों में प्रधान चुने गए थे, लेकिन बाद में 48 ग्राम पंचायतें नगर निकायों में शामिल कर दी गईं। इसके चलते इन ग्राम पंचायतों का वजूद समाप्त हो गया। पंचायत चुनाव कार्यालय भी पुरानी सूचियों और चुनावी गतिविधियों का अवलोकन करने में जुट गया है।
खास----------
-498 पंचायतों के लिए वर्ष 2015 में हुआ था चुनाव
-1791 बनाए गए थे पोलिंग बूथ
-623 थे जिले में कुल मतदान केंद्र
-10.52 लाख थे जिले में कुल मतदाता
मतदाता पुनर्निरीक्षण अभियान पर ही अभी पूरा ध्यान केंद्रित किया जा रहा है। कुल 449 ग्राम पंचायतों में बीएलओ मतदाता सूची तैयार करेंगे। अक्तूबर से यह कार्य शुरू हो जाएगा। -मनोज कुमार, उप जिला निर्वाचन अधिकारी।