मंझनपुर (ब्यूरो)। रास्ते पर दीवार खड़ी करने को लेकर सोधिया गांव में तनातनी बनी है। आक्रोशित ग्रामीणों ने मंगलवार को कब्जेदार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। जिलाधिकारी को प्रार्थनापत्र देकर सड़क से कब्जा हटवाने की मांग की। अनदेखी पर लोगों ने कलेक्ट्रेट में धरना देने की भी चेतावनी दी।
कौशाम्बी ब्लाक क्षेत्र के सोधिया गांव के राम नरेश, नत्थूलाल, अमर सिंह, इंद्रपाल, जगतपाल, मसुरियादीन, रामनिहोर, गुलजार, शिवबरन, शिवमोहन, श्यामलाल, अशोक कुमार, रामपाल आदि ने बताया कि गांव में आने-जाने के लिए बरसों पुराना रास्ता है। ग्रामसभा की ओर से इस रास्ते को पक्का भी कराया गया था। आरोप है कि गांव के ही एक व्यक्ति ने बरसों पुराने रास्ते की जमीन को खुद की पुश्तैनी भूमि बताते हुए कब्जा कर लिया है। इतना ही नहीं उसने दीवार भी खड़ी कर दी है।
इससे लोगों का आना-जाना मुश्किल हो गया है। आरोप है कि सड़क पर दीवार खड़ी करने का विरोध करने पर कब्जेदार और उसके परिवार के लोग मारपीट पर आमादा हो जाते हैं। जान से मारने की धमकी दी जाती है। ग्रामीणों की मानें तो कौशाम्बी थाने में इसकी शिकायत की गई थी, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई तो दूर, गांव जाकर मौका मुआयना तक करना उचित नहीं समझा। पुलिस पर कब्जेदार से मिलीभगत का आरोप लगाया। गांववालों का मंगलवार को गुस्सा भी फूट पड़ा। इन्होंने कलेक्ट्रेट पहुंचकर हुंकार भरी। जिलाधिकारी को शिकायतीपत्र देकर रास्ते पर किए गए कब्जे को हटवाने की मांग की। ग्रामीणों ने चेताया कि यदि जल्द रास्ते से कब्जा नहीं हटवाया गया, तो वे जिलाधिकारी कार्यालय के सामने बेमियादी धरने पर बैठने को मजबूर होंगे। वहीं डीएम ने ग्रामीणों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम मंझनपुर को जांच और कार्रवाई का निर्देश दिया है।