जिलाधिकारी के निर्देश पर चल रहे टॉप-10 भूमि विवादों का मौके पर समाधान अभियान के तहत अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) ओम प्रकाश ने शुक्रवार को मंझनपुर तहसील के ग्राम सरसवां में आयोजित शिविर में पहुंचकर भूमि विवादों के निस्तारण की स्थिति का स्थलीय सत्यापन किया। इस दौरान राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम ने पांच शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया।
शिविर में शिकायतकर्ता चंदन लाल ने आईजीआरएस पर गाटा संख्या-1706 में कराई गई पत्थरगड़ी उखाड़े जाने की शिकायत की थी। संयुक्त टीम ने दोबारा पत्थरगड़ी कराते हुए विपक्षी पक्ष को कड़ी चेतावनी दी कि दोबारा ऐसा करने पर सख्त कार्रवाई होगी। इसी तरह गंगा सिंह के मामले में दोनों पक्षों के बीच आपसी सुलह-समझौते से विवाद का निस्तारण कराया गया।
दुर्गा देवी के प्रकरण में मामला सिविल न्यायालय में विचाराधीन होने के चलते दोनों पक्षों को यथास्थिति बनाए रखने और शांति व्यवस्था कायम रखने के निर्देश दिए गए। उमा शंकर की शिकायत पर ग्रामसभा की आराजी संख्या-1289 पर किए गए अवैध कब्जे को हटवाया गया। साथ ही टीम ने गांव में पशुचर भूमि का चिह्नांकन कर उस पर हुए अतिक्रमण को भी हटवाया।
अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता की समस्याओं का समाधान संवेदनशीलता और तत्परता के साथ सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान उपजिलाधिकारी मंझनपुर आकाश सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।