कौशाम्बी के कड़ेधाम शक्तिपीठ में उमड़ी भक्तों की भीड़।
- फोटो : संवाद।
चैत्र नवरात्रि के दूसरे दिन घरों से लेकर मंदिरों तक में देवी की आराधना की गई। जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय रहा। नवरात्र के दूसरे दिन सोमवार को कड़ा में मां शीतला के दरबार में भक्तों का हुजूम उमड़ पड़ा। सोमवार को अवकाश होने के कारण आज भीड़ अचानक काफी बढ़ गई। जिससे श्रद्धालुओं का रेल लग गया। नवरात्रि के दूसरे दिन मां शीतला ब्रह्मचारिणी एवं चंद्रघंटा के रूप में पूजी गईं रविवार को द्वितीय एवं तृतीया तिथि दोनों मानी गई हैं। भीड़ ज्यादा होने के कारण मंदिर प्रबंध समिति के वालंटियर एवं पुलिस प्रशासन को काफी मशक्कत करनी पड़ी। पूरे दिन मेला प्रभारी राज किशोर एवं कड़ा धाम थाना अध्यक्ष धीरेंद्र सिंह पूरे दलबल के साथ में भीड़ को नियंत्रित करते नजर आए।
आदिशक्ति मां शीतला देवी।
- फोटो : संवाद
51 शक्तिपीठों में एक कहा कड़ाधाम मां शीतला मंदिर
शीतला धाम कड़ापीठ सैकड़ों वर्षों से शक्ति उपासकों का केंद्र रहा है। स्कंद पुराण के अनुसार भगवान शिव की पत्नी सती ने पिता दक्ष के अपमान से आहत होकर यज्ञ कुंड में कूदकर प्राण त्याग दिए। उनके वियोग में क्रोधित भगवान शिव सती का मृत शरीर लेकर समस्त लोकों में भ्रमण करने लगे। शिव के क्रोध से बचने के लिए भगवान विष्णु ने अपने सुदर्शन चक्र से देवी सती के मृत शरीर को 51 टुकड़ों में काट दिया। जहां-जहां सती के मृत शरीर के ये टुकड़े गिरे, वहां-वहां शक्तिपीठ की स्थापना हुई। कड़ा धाम वह स्थान है जहां सती का हाथ या चूड़ी (कड़ा) या हाथ गिरा था।
पहले इसको कर धाम फिर अपभ्रंश होकर कड़ाधाम कहा जाने लगा। माना जाता है कि द्वापर युग में पांडु पुत्र युधिष्ठिर अपने वनवास के दौरान इस मंदिर में दर्शन करने आए थे। उन्होंने गंगा तट पर शीतला देवी का मंदिर बनवाया। यहां चैत्र माह में कृष्ण पक्ष की अष्टमी को देवी शीतला की पूजा करने से बुरी शक्तियां दूर रहती हैं। इस मंदिर का निर्माण वर्ष 1000 में हुआ था। यहां माता शीतला देवी का स्थान है। इन्हें पूर्वांचल की कुलदेवी कहा जाता है , जिसके चलते यहां 12 महीने पूर्वांचल के सभी जिलों से श्रद्धालु भारी संख्या में आते हैं।