खटांगी गांव में पितई लाल की मौत पर गमजदा परिजन
कार में फंसकर 50 मीटर दूर तक घिसटता रहा वृद्ध, मौत
- नलकूप के बाहर बेकाबू कार ने कुचला
- पिपरी कोतवाली के खटांगी गांव में सोमवार की रात हुई घटना
फोटो नं-04
संवाद न्यूज एजेंसी
चायल (कौशाम्बी)। पिपरी कोतवाली के खटांगी गांव में सोमवार की रात एक बेकाबू कार ने सड़क किनारे लघुशंका कर रहे बुजुर्ग को कुचल दिया। हादसे के बाद कार में फंसा वृद्ध करीब 50 मीटर दूर तक घिसटता रहा। गंभीर हालत में वृद्ध को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। परिजनों ने मंगलवार को पोस्टमार्टम कराए बगैर ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
खटांगी मजरा तियरा निवासी पितई लाल (65) गांव के ही राजू पटेल के निजी नलकूप की रखवाली करता था। नलकूप बस्ती के बाहर मुख्य मार्ग पर स्थित है। सोमवार की रात करीब आठ बजे वह लघुशंका करने के लिए नलकूप से बाहर निकला। इसी दौरान गांव का ही संजय सिंह अपनी कार लेकर उधर से गुजरा। उसकी तेज रफ्तार कार ने बेकाबू होकर लघुशंका कर रहे पितई लाल को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही पितई लाल कार में फंसकर करीब 50 मीटर दूर तक घिसटता चला गया। कुछ दूर जाने के बाद कार सड़क किनारे लगे घूर (गोबर के ढेर) में फंस कर रुक गई। घटना की जानकारी होने पर वृद्ध के परिजन और गांव के लोग वहां पहुंचे। नाजुक हालत में वृद्ध को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान वृद्ध ने दम तोड़ दिया। घर के मुखिया की मौत से पीड़ित परिवार में कोहराम है। सूचना के बाद पहुंची पिपरी पुलिस ने पंचनामा कर शव परिजनों को सौंप दिया है। परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए दोपहर बाद वृद्ध के शव का अंतिम संस्कार कर दिया।। इस संबंध में पिपरी इंस्पेक्टर श्रवण कुमार सिंह का कहना है कि दोनों पक्षों ने आपसी समझौता कर लिया है। किसी भी प्रकार की तहरीर पुलिस को नहीं मिली है।