उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को मां शीतला अतिथि गृह सयारा में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने कहा कि जिले में खाद्य प्रसंस्करण यूनिट लगाने की प्रक्रिया में तेजी लाएं, ताकि अमरूद, केला, बेर और मिर्च की पैकेजिंग जैसे कार्य से लोगों को लाभ मिल सके।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जिले में पर्याप्त मात्रा में अमरूद, केला, बेर व मिर्च का उत्पादन होता है। इसके संरक्षण और विपणन को बेहतर कर यहां के लोगों की आय में वृद्धि की जा सकती है। इसके लिए पैकेजिंग केंद्र बनाया जाए।
उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों की ब्रांडिंग व मार्केटिंग पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। खाद्य प्रसंस्करण यूनिट लगाने की प्रक्रिया तेजी से पूरा करें। गो-आश्रय स्थलों की स्थिति पर उन्होंने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी से कहा कि सर्दी में गोवंश के लिए पर्याप्त चारा, भूसा और बचाव की सभी व्यवस्थाएं बेहतर करें।
साथ ही नवनिर्मित इंक्यूबेशन सेंटर का संचालन जल्द शुरू कराएं। महिला सशक्तीकरण पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को विद्यालय के यूनिफॉर्म निर्माण सहित विभिन्न उद्यमों का प्रशिक्षण दिया जाए।
विद्युत व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिशासी अभियंता से कहा कि जिले में निश्चित समयावधि में ट्रांसफार्मर बदले जाएं और बिजली आपूर्ति निर्बाध रूप से हो।
एसपी को जिले में अपराध नियंत्रण और शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। इसके लिए उन्होंने मां शीतला अतिथि गृह में एक और मीटिंग हॉल निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल, पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार, मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी, जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना सोनकर, भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मराज मौर्य, जिला कृषि अधिकारी सुरुचि विश्वकर्मा आदि मौजूद रहे।
2017 से बड़ी विजय 2027 में प्राप्त करना है लक्ष्य : केशव प्रसाद मौर्य
सिराथू। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को मां शीतला अतिथि गृह सयारा सर्किट हाउस में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को लेकर समीक्षा बैठक की। साथ ही कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि इस बार 2017 से बड़ी विजय मिलेगी।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि एसआईआर अभियान का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से छूटे नहीं और कोई भी अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल नहीं होने पाए। उन्होंने कहा कि दोहरी प्रविष्टियां, गलत पते और फर्जी नाम हटाने के लिए यह बड़ा कदम है।
उपमुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी, अखिलेश यादव और ममता बनर्जी जैसे नेता एक ओर एसआईआर का विरोध कर रहे हैं। दूसरी ओर इसमें हिस्सा भी ले रहे हैं।
जिलाध्यक्ष धर्मराज मौर्य ने कहा कि भाजपा आरक्षण की पक्षधर और संविधान मानने वाली पार्टी है। इस मौके पर पूर्व सांसद विनोद सोनकर, पूर्व विधायक शीतल पटेल, लाल बहादुर, पूर्व जिला अध्यक्ष उदयन सिंह, अनीता त्रिपाठी, सिराथू मंडल अध्यक्ष विनय पांडेय, महामंत्री विपिन यादव, मंत्री विनीत पांडेय व ज्ञानेंद्र साहू आदि मौजूद रहे।