मंझनपुर। आंगनबाड़ी केंद्रों पर अब लाभार्थियों को चेहरा प्रमाणीकरण के बाद ही पुष्टाहार का वितरण किया जा सकेगा। वितरण में पारदर्शिता के मद्देनजर पोषण ट्रैकर एप पर चेहरा प्रमाणीकरण की कार्रवाई पूरा करने के लिए 30 जून तक का समय दिया गया है, लेकिन 310 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता इसमें लापरवाही बरत रही हैं। इसके चलते डीपीओ ने इन्हें नोटिस जारी कर जवाब-तलब किया है।
बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की तरफ से आंगबाड़ी केंद्र में पंजीकृत प्रत्येक बच्चे को 1.5 किलो गेहूं व दलिया, 1.5 किलाे चावल, 2 किलो चना और 500 ग्राम सोयाबीन का तेल व अन्य खाद्य सामग्री बांटी जाती है। इसी पुष्टाहार वितरण में धांधली को रोकने के लिए विभाग पोषण ट्रैकर एप पर लाभार्थी का पंजीकरण करा रहा है।
इसके लिए ई-केवाईसी और चेहरा प्रमाणीकरण कराना अनिवार्य किया गया है। 30 जून तक इस प्रक्रिया को पूरा कराना होगा। लेकिन, कुछ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता इस कवायद को आगे नहीं बढ़ा पा रही हैं। अभी तक 1,37,460 के सापेक्ष सिर्फ 43,437 लाभार्थियों का ही सत्यापन हो सका है।
इसको लेकर अब विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। लापरवाही बरतने वाली 310 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को नोटिस जारी कर जवाब-तलब किया गया है। साथ ही 30 जून तक शत-प्रतिशत लाभार्थियों की ई-केवाईसी कराने का निर्देश दिया है।
चेहरा प्रमाणीकरण प्रक्रिया की महत्वपूर्ण बातें
- प्रत्येक लाभार्थी के लिए ई-केवाईसी और फेस कैप्चर दोनों प्रक्रिया अनिवार्य है। अन्यथा लाभार्थी के रूप में पंजीकरण पूर्ण नहीं होगा।
-बच्चों के मामले में उनके माता-पिता या अभिभावक का ई-केवाईसी और फेस कैप्चर कराना होगा। यदि बच्चे के स्वयं के आधार से सत्यापित है तो माता-पिता या अभिभावक की फेस कैप्चर और ई-केवाईसी की जाएगी।
-बच्चों के मामले में अगर ई-केवाईसी बच्चे का कर दिया और चेहरा कैप्चर माता-पिता या अभिभावक का कर रहें है तो इस मामले में ई-केवाईसी और फेस कैप्चर मिलान नहीं होगा और लाभार्थी की प्रोफाइल पूर्ण नहीं होगी।
-पोषण ट्रैकर एप में अगर ई-केवाईसी और फेस कैप्चर दोनों पूर्ण कर लिया गया है, लेकिन पोषण ट्रैकर स्क्रीन पर आता है कि थोड़ा समय दें प्रोफाइल अपडेट होने में समय लग रहा है तो कार्यकर्ताओं को फोटो या प्रोफाइल सत्यापित करने के लिए प्रोसीड टू टीएचआर नहीं करना है।
-यदि किसी कार्यकर्ता ने लाभार्थी के लिए वर्तमान माह का 25 दिन का राशन भर दिया है तो लाभार्थी की ई-केवाईसी और फेस कैप्चर की प्रक्रिया उसकी प्रोफाइल में जाकर करनी है।
-अगर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता किसी लाभार्थी का फोटो कैप्चर कर रही हैं तो पीछे की दीवार (बैकग्राउंड) सफेद हो, लाभार्थी के केवल चेहरे की ही फोटो लेनी है।
पुष्टाहार वितरण प्रणाली में पारदर्शिता लाने के लिए यह कवायद शुरू हुई है। लेकिन, कुछ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता इसमें लापरवाही बरत रही हैं। एक भी ई-केवाईसी नहीं कराने वाली 310 कार्यकर्ताओं को नोटिस जारी कर जवाब-तलब किया गया है।-अश्वनी कुमार, प्रभारी डीपीओ