इलाके के नीबी शाना गांव में 20 जून को संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत मामले में नया मोड़ सामने आया है। मृतक के भाई ने उसकी पत्नी पर (अपनी भयाहू) पर प्रेमी संग मिलकर जहर खिलाकर मारने का आरोप लगाया है। तहरीर मिलने के बाद पुलिस घटना की छानबीन कर रही है।
रघुनाथ ने बताया कि छोटा भाई परदेश में रहकर काम करता था। तीन जून को पिता भुलई की मृत्यु होने पर रामदेव अंतिम संस्कार में शामिल होने आया था। 16 जून को पिता की तेरहवीं का कार्यक्रम था। रामदेव की पत्नी सविता का वर्षों से पड़ोसी युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा है। रामदेव ने पत्नी को मोबाइल से बात करने के साथ ही घर के भीतर प्रेमी संग अपत्तिजनक स्थिति में पकड़ लिया था।
मना करने के बावजूद दोनों का मिलना-जुलना बंद नहीं हुआ। आरोप है कि 20 जून को रामदेवी की पत्नी ने उसे खाने में जहरीला पदार्थ मिलाकर खिला दिया था। तबीयत बिगड़ती देख पत्नी सविता शौच का बहाना करके खेत की तरफ चली गई थी। कुछ देर बाद राम देव की घर के भीतर तड़पकर मौत हो गई।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार राम ने बताया कि मृतक के भाई ने तहरीर देकर पत्नी पर जहर खिलाकर मार डालने का आरोप लगाया है। विसरा रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।