जिले के नोडल अफसर आयुक्त व निदेशक हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग कानपुर रमारमण मंगलवार को जिले में रहे। उन्होंने विकास भवन स्थित आधा दर्जन कार्यालयों व ओसा स्थित मॉडल स्कूल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यालयों में साफ-सफाई, फाइलों का रखरखाव सुव्यवस्थित देख उन्होंने संतोष जाहिर किया। मॉडल स्कूल ओसा में बाउंड्रीवाल का चिन्हांकन कराने का निर्देश दिया।
नोडल अफसर रमारमण के दो दिवसीय भ्रमण की तारीख पूर्व निर्धारित होने से जिले के विभागाध्यक्षों में हड़कंप था। अफसरों ने विकास भवन के निरीक्षण का कार्यक्रम निर्धारित होने के बाद विभागाध्यक्ष अपने-अपने कार्यालयों की साज सज्जा, धूल फांक रही फाइलों को साफ सुथरा करने व योजनाओं की प्रगति समीक्षा तैयारी करने में ताकत झोंक रखी थी।
मंगलवार को जिले में आए नोडल अफसर शाम पांच बजे विकास भवन स्थित डीपीआरओ कार्यालय, परियोजना निदेशक कार्यालय, जिला विकास अधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी सहित आधा दर्जन कार्यालयों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विकास भवन परिसर में साफ-सफाई ठीक मिलने व कार्यालयों के विभिन्न पटलों के दस्तावेज सुव्यवस्थित रखे होने पर संतोष जाहिर किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने डीपीआरओ से शौचालय निर्माण की बाबत पूछताछ भी की। इससे पहले नोडल अफसर ने ओसा स्थित मॉडल स्कूल का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने बाउंड्रीवाल के चिन्हांकन कराने का निर्देश डीएम मनीष कुमार वर्मा को दिया। निरीक्षण का पहला दिन सकुशल बीतने पर अफसरों ने राहत की सांस ली है।
हर हाल में पात्रों को मिले योजनाओं का लाभ
मंगलवार को जिले में आए नोडल अफसर रमारमण ने कलक्ट्रेट के सम्राट उदयन सभागार में शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों व विकास कार्यक्रमों की प्रगति समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने शीर्ष प्राथमिकता वाले कार्यों का गुणवत्तापूर्ण ढंग से निर्धारित समय में पूर्ण कराने का निर्देश विभागाध्यक्षों को दिया। इसके अलावा योजनाओं से प्रत्येक दशा में पात्रों को लाभान्वित करने पर जोर दिया।
नोडल अफसर ने बैठक की शुरुआत कर करेत्तर वसूली की समीक्षा से की। प्रगति खराब मिलने पर उन्होंने वाणिज्यकर, आबकारी, परिवहन, स्टाम्प, नगर निकाय के विभागाध्यक्षों को वसूली में सुधार लाने का निर्देश दिया। पांच वर्ष से लंबित वादों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर कराने का निर्देश दिया। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने अस्पतालों में चिकित्सकों की शतप्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित कराने व गायब रहने वाले चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश सीएमओ डॉ. दीपेंद्र कुमार मालवीय को दिया। अस्पतालों में दवाइयों की उपलब्धता व जननी सुरक्षा योजना के तहत शतप्रतिशत संस्थागत प्रसव सुनिश्चित कराने के लिए निर्देशित किया।
इसके बाद उन्होंने छात्रवृत्ति की प्रगति जिला समाज कल्याण अधिकारी से खंगाली। हिदायत दी कि एक भी बच्चा वजीफा से वंचित न रहने पाए। विधवा, वृद्धा, विकलांग पेंशन का शतप्रतिशत भुगतान लाभार्थियों के खाते में कराने कहा। प्रधानमंत्री आवास आवंटन की समीक्षा के दौरान सीडीओ हीरालाल ने बताया कि चयनित लाभार्थियों को दूसरी किस्त जारी कर दी गई है। अंत में नोडल अफसर ने स्वच्छ भारत मिशन के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने निर्मित शौचालयों के उपयोग अभियान चलाकर कराए जाने का निर्देश डीपीआरओ को दिया।
समीक्षा के दौरान पुलिस अधीक्षक प्रदीप गुप्ता ने जिले की कानून व्यवस्था के बारे में बिन्दुवार जानकारी नोडल अफसर को दी। यह भी बताया कि संपूर्ण समाधान दिवस में आने वाली विभागीय शिकायतों का निस्तारण समय पर पूर्ण कर लिया जाता है। बैठक में अंत में डीएम मनीष कुमार वर्मा ने आयुक्त को आश्वस्त किया कि उनके द्वारा दिए गए निर्देशों का शतप्रतिशत पालन कराया जा रहा है। कार्यों की गुणवत्ता व समयबद्धता से कोई समझौता नहीं हो रहा है। समीक्षा बैठक में सीडीओ हीरालाल, डीडीओ डीके दोहरे, पीडी राजेश कुमार मिश्र सहित सभी विभागाध्यक्ष मौजूद रहे।
अभियान चलाकर बिजली कनेक्शन देने का निर्देश
बिजली विभाग की समीक्षा करते हुए नोडल अफसर ने खराब ट्रांसफार्मरों को तत्काल ठीक कराने एवं कैंप लगाकर लोगों को बिजली का कनेक्शन मुहैया कराने का निर्देश एक्सईएन को दिया। पं. दीन दयाल ग्राम्य ज्योति योजना की समीक्षा के दौरान एक्सईएन ने बताया कि 1310 मजरों का विद्युतीकरण होना है। इसे शीघ्र पूरा करा लिया जाएगा।