हर हाल में पात्रों को मिले योजनाओं का लाभ
-निर्धारित वक्त पर पूरा करें शीर्ष प्राथमिकता वाले काम
-समीक्षा बैठक के दौरान नोडल अफसर ने दिए निर्देश
फोटो.........
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। मंगलवार को जिले में आए नोडल अफसर रमारमण ने कलक्ट्रेट के सम्राट उदयन सभागार में शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों व विकास कार्यक्रमों की प्रगति समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने शीर्ष प्राथमिकता वाले कार्यों का गुणवत्तापूर्ण ढंग से निर्धारित समय में पूर्ण कराने का निर्देश विभागाध्यक्षों को दिया। इसके अलावा योजनाओं से प्रत्येक दशा में पात्रों को लाभान्वित करने पर जोर दिया।
नोडल अफसर ने बैठक की शुरुआत कर करेत्तर वसूली की समीक्षा से की। प्रगति खराब मिलने पर उन्होंने वाणिज्यकर, आबकारी, परिवहन, स्टाम्प, नगर निकाय के विभागाध्यक्षों को वसूली में सुधार लाने का निर्देश दिया। पांच वर्ष से लंबित वादों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर कराने का निर्देश दिया। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने अस्पतालों में चिकित्सकों की शतप्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित कराने व गायब रहने वाले चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश सीएमओ डॉ. दीपेंद्र कुमार मालवीय को दिया। अस्पतालों में दवाइयों की उपलब्धता व जननी सुरक्षा योजना के तहत शतप्रतिशत संस्थागत प्रसव सुनिश्चित कराने के लिए निर्देशित किया। इसके बाद उन्होंने छात्रवृत्ति की प्रगति जिला समाज कल्याण अधिकारी से खंगाली। हिदायत दी कि एक भी बच्चा वजीफा से वंचित न रहने पाए। विधवा, वृद्धा, विकलांग पेंशन का शतप्रतिशत भुगतान लाभार्थियों के खाते में कराने कहा। प्रधानमंत्री आवास आवंटन की समीक्षा के दौरान सीडीओ हीरालाल ने बताया कि चयनित लाभार्थियों को दूसरी किस्त जारी कर दी गई है। अंत में नोडल अफसर ने स्वच्छ भारत मिशन के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने निर्मित शौचालयों के उपयोग अभियान चलाकर कराए जाने का निर्देश डीपीआरओ को दिया। समीक्षा के दौरान पुलिस अधीक्षक प्रदीप गुप्ता ने जिले की कानून व्यवस्था के बारे में बिन्दुवार जानकारी नोडल अफसर को दी। यह भी बताया कि संपूर्ण समाधान दिवस में आने वाली विभागीय शिकायतों का निस्तारण समय पर पूर्ण कर लिया जाता है। बैठक में अंत में डीएम मनीष कुमार वर्मा ने आयुक्त को आश्वस्त किया कि उनके द्वारा दिए गए निर्देशों का शतप्रतिशत पालन कराया जा रहा है। कार्यों की गुणवत्ता व समयबद्धता से कोई समझौता नहीं हो रहा है। समीक्षा बैठक में सीडीओ हीरालाल, डीडीओ डीके दोहरे, पीडी राजेश कुमार मिश्र सहित सभी विभागाध्यक्ष मौजूद रहे।
----
अभियान चलाकर बिजली कनेक्शन देने का निर्देश
बिजली विभाग की समीक्षा करते हुए नोडल अफसर ने खराब ट्रांसफार्मरों को तत्काल ठीक कराने एवं कैंप लगाकर लोगों को बिजली का कनेक्शन मुहैया कराने का निर्देश एक्सईएन को दिया। पं. दीन दयाल ग्राम्य ज्योति योजना की समीक्षा के दौरान एक्सईएन ने बताया कि 1310 मजरों का विद्युतीकरण होना है। इसे शीघ्र पूरा करा लिया जाएगा।
------
भूमाफिया के खिलाफ सख्ती से करें कार्रवाई
नोडल अफसर ने भू-माफिया से संबंधित कार्रवाई की समीक्षा की। उन्होंने भू-माफियाओं को चिन्हित कर उनके विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने का निर्देश देते हुए अतिक्रमण हटवाने के लिए अभियान चलाने को कहा।