मंझनपुर (ब्यूरो)। मौसम की मार से बर्बाद हुई फसलों के सर्वे के लिए राजस्वकर्मी के गांव नहीं पहुंचने और मुआवजा नहीं मिलने से किसानों में गुस्सा है। बृहस्पतिवार को जोगापुर, मैनहाई, हिसामबाद, गढ़वा आदि गांवों के लोगों ने आकर इसकी डीएम से शिकायत की। जिलाधिकारी ने एसडीएम को सर्वे का काम जल्द कराने का निर्देश दिया है।
बता दें कि मार्च-अप्रैल में तेज हवाओं के साथ बेमौसम बारिश हुई थी। बारिश और आंधी में फसलें गिरकर बर्बाद हो गई थी। इससे किसानों को दो जून की रोटी का संकट आ गया है। सरकार से मिलने वाली इमदाद भी अब तक ज्यादातर किसानों को नहीं मिली है। इससे वे परेशान हैं। कौशाम्बी ब्लाक के जोगापुर गांव के रहने वाले सौरभ त्रिपाठी, मैनहाई गांव के रहने वाले दिनेश कुमार, कामता प्रसाद, सुकरूलाल, संगमलाल, सत्यदेव त्रिपाठी, हीरालाल आदि ने बताया कि बेमौसम की बारिश में उनकी गेंहू समेत सभी फसलें नष्ट हो चुकी है।
पर, अब तक लेखपाल अथवा कोई भी राजस्वकर्मी उनके गांव सर्वे करके फसलें के हुए नुकसान का आंकड़ा तैयार करने भी नहीं आया है। जोगापुर, मैनहाई, हिसामबाद, गढ़वा आदि के किसानों का कहना है कि सर्वे नहीं होने के कारण ही उनके गांव में राहतराशि के चेक का वितरण भी अब तक नहीं हो सका है। राजस्वकर्मियों की इस लापरवाही से किसानों में गुस्सा है। आक्रोशित किसानों ने बृहस्पतिवार को इसकी शिकायत डीएम से की। जिलाधिकारी ने जल्द सर्वे का काम पूरा कराकर मुआवजे का वितरण कराने का भरोसा किसानों को दिलाया है।