मंझनपुर (ब्यूरो)। आधुनिकता के इस युग में ज्ञान के बिना तरक्की संभव नहीं है। विद्यार्थी लगन के साथ पढ़ाई करें। तभी उनका विकास होगा। यह बातें बीएसए अशोक कुमार यादव ने बुधवार को मंझनपुर प्राथमिक स्कूल में पुस्तक वितरण कार्यक्रम के दौरान कहीं।
बतादें कि नए शिक्षण सत्र की शुरूआत होते ही परिषदीय स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को किताबें दिए जाने का काम भी शुरू हो गया है। बुधवार को मंझनपुर प्राथमिक विद्यालय में पुस्तक वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बीएसए अशोक कुमार ने स्कूल में उपस्थित रहे छह से आठ तक के सभी विद्यार्थियों को पुस्तकें दीं। उन्होंने कहाकि प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक स्कूलों के अध्यापक पढ़ाई का बेहतर माहौल बनाएं। बच्चों को खेल-खेल में शिक्षा दी जाए तो बेहतर होगा। ऐसे में उन्हें हर बात जल्दी समझ में आएगी और तेजी से शैक्षणिक विकास होगा। बीएसए ने बच्चों को खेलकूद के सामान भी उपलब्ध कराने के लिए कहा। इस दौरान एबीएसए डॉ. अविनाश सिंह ने भी विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।
एबीएसए ने बताया कि परिषदीय स्कूलों में कुल 50 विषयों की किताबें चलती हैं। इसमें 34 विषयों की किताबे जिले में आ गई हैं। इसी हफ्ते में बाकी किताबें भी आ जाएंगी। वहीं, बीएसए ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को जल्द से जल्द स्कूलों में किताबों का वितरण कराने का निर्देश दिया है। इस मौके पर रामबाबू दिवाकर, विनोद श्रीवास्तव, राकेश त्रिपाठी समेत स्कूल के समस्त अध्यापक और अध्यापिकाएं मौजूद रहीं।