चायल। पुरामुफ्ती कोतवाली के महगांव में मंगलवार की रात बेखौफ चोर दो घरों से नगदी जेवर आदि पार कर दिए। रात दीवार फांदकर घर के भीतर घुसे चोर वारदात को अंजाम देने के बाद दबे पांव भाग निकले। घटना की जानकारी गृहस्वामियों को सुबह जगने के बाद हुई। घर का बिखरा सामान देख परिजनों के होश उड़ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना करने के बाद चोरों की तलाश शुरू कर दी है। एक ही रात दो घरों में हुई चोरी की घटना के बाद से ग्रामीणों में दहशत पसरी हुई है।
पुरामुफ्ती कोतवाली क्षेत्र के महगांव निवासी जीतलाल पुत्र राम आसरे किसान है। मंगलवार की रात वह परिवार के साथ छत पर सो रहा था। रात दीवार फांदकर घर के भीतर घुसे चोरों ने कमरे का ताला तोड़ बक्से में रखा तीस हजार रुपये, सोने-चांदी के गहने, बर्तन, कपड़े आदि उठा ले गए। यहां के बाद चोरों ने पड़ोसी रवीन्द्र कुमार पुत्र ज्ञानचंद्र के घर पर धावा बोल दिया। दीवार के सहारे आंगन में कूदे चोरों ने बरामदे में रखी आलमारी को तोड़ दस हजार रुपये नगद, चांदी के गहने, बर्तन, खाद्यान्न आदि पार कर दिया। दोनों घरों से चोर करीब दो लाख रुपये का सामान उठा ले गए। घटना की जानकारी गृहस्वामियों को सुबह हुई।
कमरे का टूटा ताला और बिखरा सामान देख परिजन सन्न रह गए। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना करने के बाद चोरों की तलाश शुरू कर दी। एक ही रात दो घरों में हुई चोरी की घटना से ग्रामीणों में दहशत है। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस गश्त नहीं होने से चोरों के हौसले बुलंद हैं।