मॉडीफाइड साइलेंसर लगी गाड़ी का चालान करते पीटीओ। स्रोत: स्वयं
जिले में अवैध हूटर, प्रेशर हॉर्न और मॉडिफाइड साइलेंसर लगाने वालों पर अब सख्ती बढ़ेगी। यातायात निदेशालय के निर्देश पर शिकायत दर्ज कराने के लिए हेल्पलाइन और ऑनलाइन पोर्टल तैयार हो रहा है। इसमें शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
कौशाम्बी की परिवहन विभाग और यातायात पुलिस भी इसको लेकर जल्द बड़े अभियान की तैयारी में जुट गई है। शासन के निर्देश पर मुख्य चौराहों, व्यस्त बाजारों, हाईवे और टोल प्लाजा पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। साथ में इन सामग्रियों को बेचने वाले दुकानदारों के खिलाफ भी कार्रवाई करेगी।
हेल्पलाइन और पोर्टल शुरू होने के बाद आम लोग भी सीधे शिकायत दर्ज करा सकेंगे। सूचना मिलते ही संबंधित वाहन और दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। -तारकेश्वर मल्ल, एआरटीओ
अभियान में कई वाहनों पर कार्रवाई
यातायात पुलिस और स्थानीय थानों की संयुक्त टीमों के साथ मिलकर मंझनपुर, सिराथू और चायल क्षेत्रों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान कई वाहनों से अवैध हूटर और मॉडिफाइड साइलेंसर हटवाए गए, जबकि दर्जनों चालकों का चालान किया गया।पीटीओ संतोष तिवारी ने मॉडिफाइड साइलेंसर और अवैध हूटर के खिलाफ अभियान चलाकर मोटरयान अधिनियम के तहत कई वाहनों का चालान किया।