नेवादा। ब्लाॅक क्षेत्र के सुरसेनी गांव में जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण जलालपुर जवाहरगंज सड़क पर पानी भरा हुआ है। इससे स्थानीय ग्रामीणों के साथ ही राहगीरों को आवागमन में परेशानी हो रही है।
गांव में सड़क किनारे घरों का पानी बहने के लिए कोई नाली नहीं बनी है। घरों का पानी सड़क पर ही बहता रहता है।पहले पानी सड़क की पटरियों से होते हुए खेतों की ओर निकल जाता था। बस्ती के लोगों का आरोप है कि गांव के एक व्यक्ति ने अपने घर के सामने पूरी सड़क पर मिट्टी डाल दी है। इस कारण पटरियों से बहने वाला पानी सड़क पर भर गया है।
इससे स्थानीय ग्रामीणों के साथ ही सड़क से गुजरने वाले अन्य राहगीरों को भी परेशानी होती है। गांव के राजकुमार शुक्ल, शंभू शुक्ल और सुधीर कुमार समेत अन्य ने बताया कि सड़क पर जलभराव होने से आवागमन की दिक्कत के साथ ही मच्छरजनित बीमारियां फैलने का खतरा भी बढ़ गया है।
सड़क पर पानी भरे होने की जानकारी नहीं है। कोई शिकायत भी नहीं मिली है। यदि ऐसी कोई समस्या है तो स्थलीय निरीक्षण कर दिक्कतें दूर कराने का प्रयास किया जाएगा।नीरज मिश्रा, एडीओ पंचायत- नेवादा
एसबीआई वाले रास्ते पर भरा पानी, खुली पोल
मंझनपुर। बरसात ने मंझनपुर नगर पालिका की सफाई व्यवस्था की पोल खोल दी है। हल्की सी बारिश से रास्ते जलमग्न हो रहे हैं। मंझनपुर एसबीआई के सामने से होकर जाने वाले रास्ते के जलभराव ने एक बार फिर यहां के सफाई कार्यों की हकीकत को उजागर किया है। आज से मोहर्रम हैं। ऐसे में बरसात हुई तो लोगों को परेशानी होगी।
मंझनपुर के एसबीआई के सामने से होकर गुजरी गली मुस्लिम बस्ती की ओर से जाती है। हल्की से बारिश में दो दिन पहले गली जलमग्न हो गई थी। ऐसे में यदि मोहर्रम के दिन बारिश हुई तो इस गली से होकर गुजरने वाले लोगों को परेशानी होगी। बारिश ने सफाई व्यवस्था की हकीकत को उजागर करते हुए नगर पालिका के कार्यों पर सवाल खड़ा किया है। भारी भरकम संख्या में नगर पालिका ने सफाई कर्मचारियों की तैनाती की है। इसके बाद भी जलभराव जैसी समस्या होना सवाल खड़ा करता है। कस्बे के अफरोज, अनवार और मनोज कुमार आदि ने बताया कि सफाई कार्य का नगर पालिका दावा करता है। लेकिन, कार्य में लापरवाही बनी रहती है।