नौ पंचायत सचिवों को वेतन रोकने की चेतावनी
आवासों का निर्माण कराने में दिलचस्पी नहीं लेने पर बिफरे बीडीओ
संवाद न्यूज एजेंसी
मंझनपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवासों का निर्माण कराने में रुचि नहीं लेना सिराथू ब्लॉक के नौ ग्राम पंचायत सचिवों को महंगा पड़ सकता है। बीडीओ ने नोटिस भेजकर सभी को 25 नवंबर तक की मोहलत दी है। चेतावनी दी है कि इसके बाद भी निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ तो इस महीने का वेतन रोक दिया जाएगा।
प्रधानमंत्री आवास योजना सरकार की प्राथमिकता में शामिल है। इसके बाद भी सिराथू विकास खंड क्षेत्र के थोन, अहिरारा, कशिया, तुलसीपुर, राला, उदिहिन बुजुर्ग, निजामपुर नौगीरा, कूरामुरीदन व रामपुर धमावां आदि गांव में तैनात पंचायत सचिव इस योजना में दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं। नतीजा है कि इन नौ गांवों में दस आवासों का निर्माण महीनों बाद भी पूरा नहीं हो पाया है। रिमाइंडर भेजने के बाद भी पंचायत सचिवों ने निर्माण कार्य पूर्ण कराना ठीक नहीं समझा। इसे लेकर खंड विकास अधिकारी ने बुधवार को बिफर पड़े। उन्होंने सभी नौ ग्राम पंचायतों में तैनात सचिवों को नोटिस भेजा है। कहा है कि किसी भी कीमत पर 25 नवंबर तक आवासों का निर्माण कार्य पूरा हो जाना चाहिए। ऐसा नहीं होने की स्थिति में माह नवंबर का वेतन रोककर मुख्य विकास अधिकारी को कार्रवाई की खातिर रिपोर्ट भेज दी जाएगी।