मंझनपुर। महिला उत्पीड़न के मामले में कार्रवाई करने में लापरवाही दरोगा, सिपाहियों को मंहगी पड़ेगी। यह हिदायत रविवार को थानों में आयोजित संवाद दिवस में अफसरों ने मातहतों को दी। इस दौरान पुलिस अफसरों ने बीट प्रभारियों और सिपाहियों को ड्यूटी को गंभीरता से निभाने की भी सीख दी। वहीं सीओ सिटी ने कच्ची शराब बनाकर बेचने के गोरखधंधे को क्षेत्र बंद कराने का निर्देश दिया।
रविवार को जिलेभर के थानों में संवाद दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान कोतवाली प्रभारियों ने बीट के प्रभारी दरोगाओं और सिपाहियों की समस्याएं सुनीं। इसके अलावा शासन और पुलिस महानिदेशक के संदेश और निर्देशों को सुनाकर इसपर अमल करने की सीख दी। मंझनपुर कोतवाली में सीओ सिटी पुर्णेंदू सिंह ने सभी चौकी और कोतवाली में तैनात पुलिस कर्मियों के साथ बैठक करके पुलिस महानिदेशक के जारी प्रपत्र को पढ़कर सुनाया।
उन्होंने सिपाहियों से अफसरों के निर्देशों को अमल में लाने, गश्त में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने, शिकायतें लेकर थाने, चौकी आने वालों केसाथ अच्छा व्यवहार करने, शिकायतें सुनकर उनका निष्पक्षता के साथ निस्तारण करने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने महिला उत्पीड़न के मामले में कार्रवाई में किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरतने की हिदायत दी। चेताया कि इसमें की गई लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं उन्होंने लंबित विवेचनाआें और प्रार्थना पत्रों का अवलोकन करने के बाद संबधित जिम्मेदारों को सप्ताह भर के भीतर इसे निस्तारित करने की चेतावनी भी दी।