मंझनपुर। पंचायत चुनाव के मद्देनजर समाजवादी पार्टी ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी जल्द ही बूथ और सेक्टर की कमेटियों का पुनर्गठन करेगी। शनिवार को मंझनपुर में आयोजित जिला कार्यकारिणी की बैठक में इसका निर्णय लिया गया। साथ ही कार्यकर्ताओं से पंचायत चुनाव की तैयारी में जुटने का आह्वान हुआ।
मंझनपुर स्थित पार्टी कार्यालय में शनिवार को सपा जिला कार्यकारिणी की बैठक हुई। इसमें पंचायत चुनाव की तैयारी का मुद्दा छाया रहा। जिलाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह यादव ने बताया कि पार्टी पंचायत चुनाव भी पूरी ताकत से लड़ेगी। इसके लिए जल्द ही बूथ और सेक्टर कमेटियों का पुनर्गठन किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पंचायत चुनाव की तैयारी में अभी से जुटने का आह्वान किया। साथ ही ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत और जिला पंचायत के परिसीमन का अवलोकन करके इसे लेकर किसी भी तरह की आपत्ति होने पर आठ अप्रैल तक आपत्तियां डीपीआरओ कार्यालय में दाखिल करने का आह्वान भी किया।
बैठक में दोआबा प्रगतिशील मोर्चा के उपाध्यक्ष अजीम फिरोज ने समर्थकों के साथ समाजवादी पार्टी की सदस्यता भी ग्रहण की। इस मौके पर उन्होंने सपा की नीतियों और आमजन के उत्थान के लिए चलाई जा रही योजनाओं की प्रशंसा भी की। बैठक में धारा सिंह यादव, कैलाशचंद्र केसरवानी, डॉ. जैनुल आब्दीन, रमेश यादव, आबिद मंजूर, सुरेश सिंह यादव, इरफान अहमद, सूबेदार यादव, इजहार हुसैन, पवन मिश्रा, रोहित यादव, सुरसती देवी, मोहम्मद औसाफ, संतोष केसरवानी, विजय यादव, सत्येंद्र विश्वकर्मा, घनश्याम यादव, जयकरन सिंह, अंगद सिंह यादव, राजकरन लोधी आदि मौजूद रहे।