वीडीओ बनाने के नाम पर अजुहा के युवक से पड़ोसी जिले के एक चिकित्सक ने नौ लाख की ठगी की। नौकरी नहीं मिलने पर युवक ने जब पैसे की मांग की तो डॉक्टर ने उसे जान से मारने की धमकी देते हुए भगा दिया। मोटी रकम डूबती देख युवक के होश उड़े हुए है। भुक्तभोगी ने मामले की शिकायत सैनी कोतवाली पुलिस से की है। एसओ का कहना है कि शिकायत मिली है मामले की जांच कराई जा रही है। तफ्तीश के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सैनी कोतवाली इलाके के अजुहा कस्बा निवासी रोहित कुमार पुत्र दीप चंद्र ने बताया कि फतेहपुर जिले के खागा थाना स्थित सलेमपुर अमावा गांव निवासी एक डॉक्टर ने अजुहा में निजी अस्पताल खोल रखा था। वर्ष 2013 में चिकित्सक से उसकी दोस्ती हो गई। डॉक्टर ने युवक और उसके भाई को वीडीओ बनाने के नाम पर कई किस्तों में नौ लाख रुपये ऐंठ लिए। इसके बाद से अभी तक वह इधर-उधर टहला रहा है।
नौकरी नहीं मिलने पर जब युवक चिकित्सक के घर पैसा लेने गया तो चार महीने पहले डॉक्टर ने अलग-अलग बैंक शाखाओं के चार लाख रुपये के चार चेक दिए। बैंकों में लागाने पर सभी चेक बाउंस हो गए। इसकी जानकारी होते ही भुक्तभोगी के होश उड़ गए। युवक की मानें तो रुपये मांगने पर डॉक्टर अब उसे जान से मारने की धमकी दे रहा है। मोटी रकम ऐंठने के बाद चिकित्सक ने अस्पताल भी बंद कर दिया है। ऐसे में रुपया फंसता देख परेशान युवक ने शनिवार को मामले की शिकायत सैनी कोतवाली पुलिस से की। एसओ श्रीप्रकाश यादव का कहना है कि प्रकरण की जांच कराई जा रही है। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।