घटना के बाद मौके पर मौजूद लोग व पुलिस। संवाद
सरायअकिल थाना क्षेत्र के कनैली कस्बे में बुधवार शाम बालू लदे डंपर की टक्कर से बाइक सवार दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने दोनो को अस्पताल में भर्ती कराया जहां 20 वर्षीय नवविवाहिता की मौत हो गई। जबकि पति इलाज चल रहा है। वहीं हादसे के बाद चालक डंपर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
सरायअकिल क्षेत्र के चुन्नी का पुरा निवासी रामबालक घर पर रहकर मजदूरी करते हैं। उनकी तीन बेटियों में अंजलि दिवाकर (20) दूसरे नंबर पर थी। करीब दो साल पहले उसने मंझनपुर के समदा निवासी अमरदीप दिवाकर से प्रेम विवाह किया था। पिता के मुताबिक, अंजलि दो दिन पहले ससुराल से मायके आई थी। परिवार के साथ समय बिताने के बाद बुधवार दोपहर उसका पति उसे लेने पहुंचा। शाम करीब 6:30 बजे दोनों बाइक से घर से निकले थे।
पीछे से डंपर ने मारी टक्कर
दंपती कनैली कस्बे में पाल ट्रेडर्स की दुकान के पास पहुंचे थे तभी पीछे से आए बालू लदे डंपर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा देखकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरायअकिल में भर्ती कराया गया जहां चिकित्सकों ने अंजलि को मृत घोषित कर दिया।
डंपर कब्जे में, चालक की तलाश
अंजलि की मौत की खबर मिलते ही मायके और ससुराल पक्ष के लोग अस्पताल पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, हादसे के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर भाग निकला।
इंस्पेक्टर ज्ञान सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे में शामिल डंपर को कब्जे में लेकर सीज कर दिया गया है। चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।