यात्रियों की सुविधा के लिए परिवहन विभाग ने नई बस सेवा शुरू करने की तैयारी पूरी कर ली है। जल्द ही महेवाघाट से प्रयागराज के बीच रोडवेज बस का संचालन शुरू होगा। बस सुबह नौ बजे महेवाघाट से रवाना होकर पश्चिमशरीरा, टेवां और मंझनपुर होते हुए प्रयागराज जाएगी। इस सेवा से 50 से अधिक गांवों के लोगों को राहत मिलेगी।
मंझनपुर डिपो इंचार्ज गंगा शंकर शर्मा ने बताया कि बस महेवाघाट से सुबह नौ बजे निकलेगी। यह गढ़ी बाजार और बैरमपुर होते हुए लगभग 9:30 बजे पश्चिमशरीरा बस स्टैंड चौराहा पहुंचेगी। इसके बाद टेवां होते हुए करीब सवा 10 बजे मंझनपुर डिपो आएगी। यहां से मंझनुपर चौराहा होते हुए प्रयागराज जाएगी। उन्होंने बताया कि मार्ग का सर्वे पूरा कर लिया गया है और दो-तीन दिनों में बस सेवा शुरू होने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि फिलहाल महेवाघाट से मंझनपुर होकर प्रयागराज के लिए कुछ बसें चलती हैं लेकिन पश्चिमशरीरा और सरसवां ब्लॉक क्षेत्र के लोगों को सीधी सुविधा नहीं मिल पाती थी। इस बस सेवा के शुरू होने से क्षेत्र के आईटीआई व डायट से बीटीसी करने वाले प्रशिक्षु, जिला मुख्यालय व प्रयागराज जाने वाले व्यापारियों व अन्य लोगों को सहूलियत मिलेगी।