पड़ोसी दंपती को लाठी-डंडे से पीटकर किया मरणासन्न
सैनी कोतवाली के भड़ेहरी गांव में शनिवार शाम हुई घटना, केस दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
सिराथू। सैनी कोतवाली के भड़ेहरी गांव में शनिवार शाम पड़ोसी दंपती को लाठी-डंडा से हमलाकर अधमरा कर दिया गया। गंभीर हालत में दंपती को इलाज के लिए सीएचसी सिराथू में भर्ती कराया गया है। नामजद मुकदमा दर्ज कर पुलिस घटना की छानबीन कर रही है।
भड़ेहरी मजरा पसियन का पुरवा गांव की रहने वाली विमला देवी पत्नी रमेश चंद्र ने बताया कि शनिवार शाम वह घर पर खेती-किसानी का काम कर रही थी। इसी दौरान पड़ोसी सुरेंद्र अपनी पत्नी के साथ आया और लाठी-डंडे से उस पर हमला कर दिया। जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ी। चीख-पुकार सुन पहुंचे पति रमेश को भी आरोपी दंपती ने पीट दिया। ग्रामीणों के दखल पर हमलावर दंपती धमकी देते हुए भाग निकले। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने जख्मी दंपती को सीएचसी सिराथू में भर्ती कराने के साथ ही नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है।
-
छेड़खानी की रिपोर्ट नहीं दर्ज कर रही पुलिस, शिकायत
बारा। कौशाम्बी कोतवाली के एक गांव के युवक ने बताया कि आठ जुलाई की रात उसकी पत्नी छत पर अकेले सो रही थी। इसी दौरान पड़ोसी युवक दीवार फांद कर आया और उसके साथ छेड़खानी करने लगा। विरोध करते हुए शोर मचाने पर परिजनों को आता देख आरोपी युवक जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकला। आरोप है कि अगले दिन नामजद तहरीर देने के बाद भी कोतवाली पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। शनिवार को पीड़िता ने एसपी से मिलकर मामले की शिकायत की है। संवाद