माता के दर्शन को भक्तों की भीड़ उमड़ी रही
नवरात्र में सोमवार को शीतलाधाम समेत जिले के सभी देवीमंदिर माता के जयकारों से दिनभर गुंजायमान रहे। इस दौरान भक्तों ने माता के पांचवें स्वरूप मां स्कंदमाता की विधि-विधान से पूजा की।
बासंतिक नवरात्र में सोमवार को मां के पांचवें स्वरूप मां स्कंदमाता की भक्तों ने पूजा-आराधना की। घरों में विधि-विधान से मां की पूजा की गई। नौ दिनों का व्रत रखने वाले उपासक और अन्य देवीभक्तों ने इस दौरान दुर्गा सप्तशती, चालीसा आदि का पाठ किया। घी, कपूर की बत्ती जलाकर माता की आरती की। वहीं नवरात्रों पर देवी दर्शन को मंदिरों में भी रोजाना भीड़ उमड़ रही है। सोमवार को भी मां शीतलाधाम समेत सभी देवी मंदिरों में सुबह से जयकारे गूंजने लगे थे। देवीदर्शन को सबसे ज्यादा भीड़ शक्तिपीठ मां शीतलाधाम कड़ा में रही। यहां मां के दर्शन को भोर से ही दूसरे जनपद और आसपास के राज्यों से भक्तों के आने का सिलसिला शुरू हो गया था, जो दिनभर चलता रहा। जयकारे करते हुए माता शीतला के दर्शन को आए लोगों ने गंगा में डूबकी भी लगाई। इसके बाद माता के दरबार में हाजिरी लगाकर नारियल, चुनरी, प्रसाद, फल, फूल, सिंदूर, अगरबत्ती, धूप, दीप आदि के साथ मां की पूजा, अराधना की। चिलचिलाती धूप और रिकार्डतोड़ गर्मी के बाद भी दिनभर माता के दर्शन को भक्तों की भीड़ उमड़ी रही। नवरात्र पर माता के दर्शन, पूजन को ऐसी ही भीड़ मंझनपुर स्थित दुर्गा मंदिर, मां झारखंडी मंदिर पूरबशरीरा, मां आनंदी मंदिर अढ़ौली, दुर्गामंदिर अजुहा, सरायअकिल, सचवारा और किशनपुर अंबारी स्थित अलोप शंकरी देवी मंदिर, कनैली के मां शीतला मंदिर, बिगहरा के ज्वालामुखी मंदिर, इमलीगांव स्थित समया माता मंदिर, गुरौली स्थित चंद्रिका देवी मंदिर में भी दिखी।