पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय टेवां को इस साल बैडमिंटन की राष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर मिला है। यह प्रतियोगिता 18 से 20 अगस्त तक होगी। प्रतियोगिता की तैयारियां शुरू हो गई हैं।
नवोदय विद्यालय समिति की ओर से हर साल खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन होता है। इसकी मेजबानी आठ रीजन के 560 विद्यालय में से ही कोई करता है। इस साल बैडमिंटन की राष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी कौशाम्बी के टेवां स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय को मिली है।
प्रधानाचार्य एके श्रीवास्तव ने बताया कि विद्यालय टेवां के लिए यह गर्व का विषय है कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर मिला है। इस प्रतियोगिता में बालक व बालिका वर्ग के अंडर 14, 17 व 19 के 270 से अधिक खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। प्रतियोगिता के आयोजन के लिए जिला स्टेडियम का चयन किया गया है। यहां खिलाड़ियों को बेहतर सुविधा मिलेगी। राष्ट्रीय स्तर के आयोजन से जिले को भी पूरे देश में पहचान मिलेगी।