मेडिकल कॉलेज में दवा लेने के लिए लाइन में खड़े लोग। संवाद
- फोटो : samvad
मौसम में बदलाव के कारण बुखार के साथ गले का संक्रमण बढ़ रहा है। बृहस्पतिवार को अस्पताल की ओपीडी में ऐसे मरीजों की लाइन लगी रही।
अस्पताल के डॉक्टरों के मुताबिक मरीजों में गले में खराश और वायरल बुखार के साथ डेंगू के लक्षण मिल रहे हैं। लापरवाही बरतने पर परेशानी बढ़ रही है। मरीजों के ठीक होने के बाद फिर से बुखार की समस्या आ रही है। ऐसे मरीजों में संक्रमण इसका कारण बन रहा है। कान, गले का संक्रमण सबसे अधिक बढ़ा है। बच्चों में इन बीमारियों का असर अधिक है।
ऐसे में डाॅक्टर ठंडी और खट्टी चीजों का सेवन नहीं करने की सलाह मरीजों को दे रहे हैं। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. विश्व प्रकाश ने बताया कि बच्चों को सूखी खांसी परेशान कर रही है। सांस की नली में भी सूजन मिल रही है। ऐसे बच्चों को दवाओं के साथ भाप के रूप में चलने वाली दवाएं दी जा रही हैं।
ऐसे करें बचाव
- स्वच्छता का ध्यान रखें और गुनगुना पानी पीएं।
- गले में संक्रमण होने पर नमक डालकर गर्म पानी से गरारा करें।
- एसी, कूलर में नहीं सोएं और ठंडे पेय पदार्थ का सेवन नहीं करेें।
- अधिक तला खाने से बचें।
- दिक्कत होने पर डाॅक्टर से संपर्क करना चाहिए।