घायल अंसार अहमद को एंबुलेंस से इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाते स्वास्थ्य कर्मी:संवाद
सिराथू। कमासिन चौराहे के पास नेशनल हाईवे पर बुधवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब सड़क किनारे खराब होकर खड़ी डीसीएम में एक अनियंत्रित नैनो कार जोरदार टक्कर मारते हुए जा भिड़ी। हादसे में फतेहपुर जनपद के एक ही परिवार के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही सैनी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए सिराथू सीएचसी भेजा, जहां से हालत नाजुक होने पर सभी को मेडिकल कॉलेज मंझनपुर रेफर कर दिया गया।
फतेहपुर जिले के सुल्तानपुर घोष थाना अंतर्गत अफोई गांव निवासी अंसार अहमद पुत्र अबरार अहमद अपनी पत्नी नासिरा बेगम, पोते ऐहा और जोहान पुत्र अहकाम अहमद के साथ प्रयागराज से घर वापस लौट रहे थे। बुधवार शाम करीब चार बजे जैसे ही उनकी कार कमासिन चौराहे के समीप पहुंची, तभी सड़क किनारे खड़ी खराब डीसीएम से नैनो कार टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और अंदर बैठे सभी लोग घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस और एनएचआई की एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस से घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी सिराथू ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने अंसार अहमद, ऐहा और जोहान को मेडिकल कॉलेज मंझनपुर रेफर कर दिया। जबकि नासिरा बेगम के सिर में गंभीर चोट होने के कारण उन्हें एसआरएन अस्पताल प्रयागराज भेजा गया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।