ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के लिए 41 ने दिखाई दिलचस्पी, 482 करोड़ का करेंगे निवेश
एमएसएमई (सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम) योजना के तहत लगाएंगे उद्योग, ढाई हजार लोगों को मिलेगा रोजगार
संवाद न्यूज एजेंसी
मंझनपुर। कौशाम्बी जिले में 41 उद्यमियों ने उद्योग-धंधे स्थापित करने में रुचि दिखाई है। इनमें से 28 उद्यमियों को ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के लिए चयन कर लिया गया है। ये उद्यमी करीब 482 करोड़ से उद्योग लगाएंगे। इससे तकरीबन ढाई हजार लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
सूबे की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए 10 से 12 फरवरी तक प्रदेश स्तरीय ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का आयोजन किया जाएगा। इसी के तहत जिले में भी उत्तर प्रदेश दिवस पर 24 जनवरी को ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट आयोजित करने की योजना है। इसे लेकर जिले में भी रोजगार बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। एमएसएमई (सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम) योजना के तहत 41 निवेशकों ने उद्योग लगाने मे रुचि दिखाई है। इनमें से 28 निवेशक को सरकार की तरफ से संचालित निवेश सारथी पोर्टल पर दर्ज कर लिया गया है। सभी निवेशक उद्योग-धंधे लगाकर कारोबार को बढ़ाने के लिए कुल 482 करोड़ रुपये का निवेश करेंगे। उद्योगों की स्थापना होने से यहां तकरीबन ढाई हजार लोगों को रोजगार मिल सकेगा।
क्या है निवेश सारथी पोर्टल
प्रदेश सरकार ने निवेशकों के लिए निवेश सारथी पोर्टल तैयार किया है। इस पर निवेशक उद्योग समेत अन्य कारोबार में निवेश करने का प्रस्ताव देंगे। संबंधित विभाग के नोडल अधिकारी निवेशकों को व्यापार और अन्य जरूरी जानकारी उपलब्ध कराएंगे। निवेशकों को सभी रियायतें, सब्सिडी ऑनलाइन दिलाने की कार्रवाई ऑनलाइन पूरी होगी। इससे किसी भी कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा।
ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के लिए फिलहाल 41 निवेशकों ने रुचि दिखाई है। इनमें से अभी तक 28 निवेशक सारथी एप पर दर्ज किए जा चुके हैं। इनके अलावा जो भी उद्योग लगाना चाहते हैं। वह निवेशक सारथी पोर्टल के जरिए आवेदन कर सकते हैं। एमएसएमई के तहत दो से 50 करोड़ तक निवेश करने पर निवेशकों को शत-प्रतिश स्टांप ड्यूटी में छूट मिलेगी। 25 फीसदी की छूट देते हुए समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाएगा।
-एस सिद्दीकी, उपायुक्त, उद्योग