मुठभेड़ के बाद हाथ जोड़कर मृतकों के परिजनों से माफी मांगता आरोपी शकील। स्रोत: वायरल वीडियो
पूरी जिंदगी जिसने बारूद के ढेर पर अपना घर-बार और कारोबार खड़ा किया, शायद उसने कभी नहीं सोचा होगा कि एक झटके में सब कुछ खत्म हो जाएगा। महमूदपुर मनौरी पटाखा कांड के 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी शकील की गिरफ्तारी के बाद सामने आया वीडियो इस हादसे के दूसरे पहलू को सामने लाता है। मुठभेड़ में पैर में गोली लगने के बाद शकील पुलिस के सामने गिड़गिड़ाता और मृतकों के परिजनों से माफी मांगता दिखाई दे रहा है।
वीडियो में शकील कहता है, ''''मेरा घर-द्वार गिर गया है। मेरी बीवी, बच्चे और परिवार के सभी लोग जेल जा चुके हैं। जिनके घर के लोग मारे गए हैं, वह हमें माफ कर दें।'''' इसके बाद पुलिसकर्मी उसे पुलिस वैन में बैठाकर ले जाते दिखाई देते हैं।
कभी तीन मंजिला मकान और करोड़ों के कारोबार के बीच जिंदगी गुजारने वाला शकील अब अपने परिवार के बिखरने की बात कर रहा है। उसके चेहरे पर बेबसी और पछतावे के भाव साफ नजर आते हैं। वह बार-बार यही कहता दिखता है कि अब उसके पास कुछ नहीं बचा और उसे माफ कर दिया जाए।
महमूदपुर मनौरी में हुए विस्फोट में 14 लोगों की जान जा चुकी है। हादसे ने कई परिवारों को हमेशा के लिए उजाड़ दिया। शकील की गुहार के बीच उन परिवारों का दर्द भी सामने आता है, जिन्होंने अपनों को खो दिया।