पूरामुफ्ती के छबिलवा गांव में बुधवार रात बेखौफ बदमाशों ने एक युवक की हत्या कर दी। हत्या कैसे की गई और इसके कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हैं। पुलिस प्रेम प्रपंच समेत दो बिंदुओं पर सनसनीखेज वारदात की जांच कर रही है। मृतक के भाई व पूर्व डीडीसी सदस्य की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। कोखराज कोतवाली क्षेत्र के लोहरा गांव का अबूसायमा (25) पुत्र इफ्तेखार अहमद किसानी में पिता का हाथ बंटाता था। उसका खेत गंगा के कछार स्थित छबिलवा गांव में है। परिजनों ने बताया कि बुधवार रात अबूसायमा खेत में पानी लगाने गया था। सुबह खेतों की ओर गए ग्रामीणों ने देखा तो वहां उसकी खून से लथपथ लाश पड़ी थी। इसकी जानकारी होते ही मौके पर गांव वालों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही एसपी अभिनंदन फीडल यूनिट तथा फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच की। मृतक के मुंह व नाक से खून निकल रहा था। शरीर पर कहीं भी जाहिरा चोट के निशान नहीं थे। ऐसे में यह साफ नहीं हो सका कि हत्या कैसे की गई है। एएसपी समर बहादुर ने गला घोटे जाने की आशंका जताई है। हालांकि हकीकत जानने के लिए वह भी पीएम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं। परिजनों ने रंजिशन हत्या की बात से इनकार किया है। लिहाजा मर्डर मिस्ट्री को लेकर पुलिस खासी उलझी हुई है। पुलिस तत्काल विवाद के बाद या फिर प्रेम प्रपंच के फेर में हत्या की संभावना जाहिर कर रही है। इन्हीं दोनों बिंदुओं पर जांच की जा रही है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना के बाद से पीड़ित परिवारीजनों की रो-रोकर हालत खराब है।
सनसनीखेज वारदात के बाद मौके पर पहुंची पुलिस को घटनास्थल पर किसी महिला के अधोवस्त्र मिले। जो, प्रेम प्रपंच में हत्या किए जाने की आशंका को बल दे रहे हैं। घटना से पहले मृतक अबूसायमा का पाइप बिछाने को लेकर एक मजदूर से झगड़ा भी हुआ था। इस मजदूर के साथ चार अन्य लोगों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस को शक है कि हो सकता है पाइप बिछाने जैसी किसी बात को लेकर इस मजदूर या अन्य किसी श्रमिक से भी अबूसायमा का झगड़ा हुआ हो। जिसके बाद उसने हत्या कर दी हो। पुलिस ये भी पता लगा रही है कि वहां पर मिले अधोवस्त्र आखिर किस महिला के हैं। इसके लिए महिला मुखबिरों को सक्रिय किया गया है। वस्त्रों की हालत ऐसी थी जिसे देखकर लग रहा था कि हाल ही में उतारा गया है।
काफी समय से पड़ा होता तो बिल्कुल मटमैला हो जाता। मुखबिरों का जाल बिछाने के साथ पुलिस ने प्रेम संबंधों का पता लगाने के लिए मृतक का मोबाइल नम्बर भी सर्विलांस पर लगा दिया है। कॉल डिटेल से यह जानने की कोशिश की जाएगी कि अबूसायमा की किससे और कितनी देर तक बात हुआ करती थी। फिलहाल कॉल डिटेल पुलिस के पास नहीं पहुंच सकी है। माना जा रहा है कि कॉल डिटेल मिलने के बाद किसी युवती अथवा किशोरी को भी हिरासत में लिया जाएगा। वैसे अपर पुलिस अधीक्षक समर बहादुर का साफ कहना है कि जांच के यह दोनों अहम बिंदु हैं। कई और तथ्य भी खंगाले जा रहे हैं। एएसपी ने जल्द ही घटना का खुलासा कर देने की बात कही है।
अबूसायमा बहुजन समाज पार्टी के पूर्व जिला पंचायत सदस्य इंतजार अहमद का छोटा भाई था। ऐसे में घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो उसे सियासी बखेड़ा खड़ा होने का डर सताने लगा। परिणाम रहा कि पुलिस ने वाहन का प्रबंध कर आननफानन शव पोस्टमार्टम हाउस भेजवा दिया। इसके लिए परिजनों के आने तक का इंतजार नहीं किया गया। पांच लोगों को बुलाकर पंचनामे की प्रक्रिया भी तेजी में पूरी की गई। शायद पुलिस की इसी चालाकी का नतीजा था कि सबकुछ शांति से निपट गया।
एडीजी प्रयागराज जोन जिले में ही थे। सुबह उन्हें घटना की जानकारी हुई तो उन्होंने एसपी अभिनंदन को मौके पर भेज दिया। वे खुद भी घटनास्थल पर जाने के लिए तैयार थे। हालांकि गए नहीं। बाद में एडीजी पल-पल की अपडेट एसपी व एएसपी से लेते रहे। जल्द खुलासा नहीं होने पर हल्का दरोगा व सिपाही तथा कोतवाल के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश भी दिया। मातहतों ने उन्हें भरोसा दिलाया कि शीघ्र ही वर्कआउट कर दिया जाएगा।
murder of youth in kaushambi- फोटो : KAUSHAMBI
murder of youth in kaushambi- फोटो : KAUSHAMBI