ईंट से सिर कूंचकर अधेड़ की निर्मम हत्या
तियरा गांव के बाहर खेत में रविवार सुबह मिली लाश, सनसनी
शव के पास पड़ी मिली खून से सनी ईंटें और शराब की बोतलें
पिंडरा। करारी कोतवाली के तियरा गांव में शनिवार रात ईंट से सिर कूंचकर एक अधेड़ की हत्या कर दी गई। सुबह गांव के बाहर खेत में शव मिलते ही सनसनी फैल गई। मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट लिखकर पुलिस हत्यारोपियों की तलाश कर रही है।
तियरा गांव के लोग रविवार सुबह शौच के लिए निकले तो रोशनलाल के खेत में एक करीब 50 वर्षीय अधेड़ की लाश पड़ी थी। इसकी जानकारी होते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पाकर एसपी प्रदीप गुप्ता व सीओ सिटी एसएन पाठक फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट तथा करारी कोतवाल केपी सिंह के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने जांच की। तमाम कोशिशों के बाद भी मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी। शव के पास ही खून से सनी हुई दो ईंटें पड़ी थीं। शराब की एक फुल और एक क्वार्टर की खाली बोलत भी पड़ी थी। गुटखे की पन्नी पड़ी थी। यह सब देखकर पुलिस अंदाजा लगा रही है कि हत्यारोपियों ने शराब के नशे में धुत होने के बाद ईंट से सिर कुचलकर हत्या की होगी। मृतक अधेड़ ने खुद पी थी या नहीं ? इस सवाल का जवाब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मिल पाएगा। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में ग्राम प्रधान की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। हत्यारोपियों की तलाश की जा रही है। हालांकि देर शाम तक किसी संदिग्ध की धरपकड़ नहीं की जा सकी थी।
सोशल मीडिया पर वायरल कराई फोटो
पिंडरा। करारी कोतवाल केपी सिंह ने बताया कि शिनाख्त का हर संभव प्रयास किया जा रहा है। मृतक के शव की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करा दी गई है। पोस्टर छपने का आर्डर कर दिया गया है। इसे सार्वजनिक स्थानों पर चिपकवाया जाएगा। हत्या की वजह पुलिस शिनाख्त होने तथा आरोपियों के पकड़े जाने के बाद ही बता पाने की बात कह रही है।
गुत्थी सुलझाने में उलझी पुलिस
पिंडरा। मृतक की शिनाख्त नहीं होने की वजह से हत्या की गुत्थी सुलझाने में पुलिस उलझ गई है। फिलहाल पुलिस का पूरा फोकस शिनाख्त कराने का है। इसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस शिनाख्त के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।