पुरानी नोट बंद होने के बाद गुरुवार को बैंकों में रुपया जमा करने वालों की भीड़ कम रही। निकासी के लिए लोगों में जरूर मारामारी होती रही। अधिकांश बैंकों में गुरुवार को हंगामा हुआ। बीओबी मूरतगंज में महिलाओं ने बैंक कर्मियों से नोकझोंक भी की। गुरुवार को 30 करोड़ रुपया जमा हुआ, जबकि 35 करोड़ रुपया लोगों ने निकाला।
जिल के अधिकांश बैंकों से गुरुवार को लोग बिना रुपये के लौटे। जिला मुख्यालय में स्थित यूनियन व बड़ौदा ग्रामीण बैंक की शाखा में सर्वर न होने के कारण उपभोक्ता वापस किए गए। यहां आए लोगों को न तो रुपया मिला, न ही वह जमा कर सके। बीओबी व एसबीआई की शाखा मूरतगंज में स्थिति बड़ी विकट रही। लोग एक बजे तक लाइन में लगे। इसके बाद उनको रुपये का भुगतान किया गया और चार बजे ही काउंटर बंद कर दिया। इस पर लोग भड़क गए। बीओबी की शाखा में लोगों ने हंगामा कर दिया।
कई महिलाएं कर्मचारियों से भिड़ गई। किसी तरह लोगों ने स्थिति संभाली। यही हाल अन्य कई बैंकों का रहा। गुरुवार को रुपया जमा करने में गिरावट आई। लगभग 30 करोड़ रुपया जमा हुआ, जबकि 35 करोड़ रुपये लोगों ने निकाले। एलडीएम दिनेश मिश्र ने बताया कि बैंक में अब सामान्य स्थिति में आने लगे हैं। सभी एटीएम अभी काम नहीं कर रहे हैं। एटीएम के चैंबर बदले जा रहे हैं। एक हफ्ते के भीतर सभी एटीएम सक्रिय हो जाएंगे।