सीबीएसई बोर्ड इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम रविवार को जारी हुआ। डॉ. रिजवी स्प्रिंग फील्ड स्कूल करारी के मो. वसी ने अव्वल स्थान हासिल किया। वसी ने 95 प्रतिशत अंक हासिल किए। दूसरे नंबर पर बीएस मेहता की फिरदौस नाज रहीं। फिरदौस को 93.1 फीसदी अंक मिले। एमजीएम कौशांबी प्रेसीडेंसी भरवारी व नवोदय विद्यालय के छात्र भी 90 फीसदी अंक हासिल करने में कामयाब रहे। सफल छात्रों के घरों में जश्न का माहौल है।
सीबीएसई बोर्ड इंटर परीक्षा परिणाम करीब 11 बजे घोषित हुआ। परीक्षा परिणाम जानने के लिए परीक्षार्थी इंटरनेट पर साइट चेक करते रहे। परिणाम आना शुरू हुआ तो जश्न भी मनने लगा। डॉ. रिजवी स्प्रिंग फील्ड के छात्र मो. वसी जिले में टॉप रहे। उन्होंने 95 फीसदी अंक हासिल किया। मो. वसी ने अपना व कालेज का नाम रोशन किया। इस पर कालेज प्रशासन ने छात्र को बधाई दी। भवंस मेहता विद्याश्रम भरवारी की फिरदौस नाज 93.1 प्रतिशत अंक हासिल कर दूसरे स्थान पर रही। तीसरे नंबर पर नवोदय विद्यालय टेंवा की छात्रा श्रेष्ठा जोशी रही। श्रेष्ठा को 90.4 प्रतिशत अंक प्राप्त हुए।
एमजीएम कौशांबी प्रेसीडेंसी भरवारी के छात्र रौनक केसरवानी ने भी 90.4 प्रतिशत अंक हासिल कर संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे। चौथे स्थान पर नवोदय विद्यालय टेंवा की छात्रा शुभांशी गुप्ता रहीं। शुभांशी को 90.2 फीसदी अंक मिले। वहीं डॉ. रिजवी स्प्रिंग फील्ड स्कूल करारी के भावलोक तिवारी 90 प्रतिशत अंक हासिल कर पांचवें स्थान पर रहे। परीक्षा परिणाम आने के बाद टॉपर रहे छात्र खुशी से चहक उठे। परिजनों को जानकारी हुई तो उन्होंने छात्रों को मिठाई खिलाकर उनको बधाई दी। छात्रों की इस कामयाबी पर कालेज प्रशासन ने भी उनकी सराहना की है।