राज्य सभा चुनाव में क्राॅस वोटिंग करने के बाद से चर्चा में आईं चायल की सपा विधायक पूजा पाल ने सोमवार को अयोध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन-पूजन किया। इस दौरान कहा कि वह राम लला के दर्शन कर अभिभूत हैं। बहुत सौभाग्यशाली हूं कि प्रभु श्रीराम को विराजमान होते देख लिया।
पिछले दिनों हुए राज्य सभा चुनाव में चायल क्षेत्र की सपा विधायक पूजा पाल ने भाजपा के पक्ष में क्रॉस वोटिंग की थी। इसे लेकर एक कार्यक्रम में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राज्यसभा चुनाव में पूजा पाल क्यों चली गईं का जवाब देते हुए कहा था कि यहां की पूजा नहीं अच्छी लगती रही होगी, इसलिए वहां की पूजा में चली गईं।
अब सपा से दूरी होने पर राम मंदिर पहुंची पूजा पाल ने कहा कि भगवान को प्रणाम करने के साथ दर्शन-पूजन कर अभिभूत हूं और खुद को गौरवान्वित महसूस कर रही हूं। इस मौके पर उनके निजी सचिव पवन पाल, मनोज यादव, गुड्डू यादव, विमलेश द्विवेदी, दीपू गिरी, राजेश शर्मा, श्रीकांत पाल और नागेंद्र बघेल मौजूद रहे।