-बदमाशों ने सेल्समैन से एक लाख लूटे
सोमवार की दोपहर कोखराज के मोहनपुर गांव के पास हुई घटना
अमर उजाला ब्यूरो
भरवारी। कोखराज कोतवाली के महेशपुर गांव के समीप सोमवार की दोपहर बाइक सवार चार बदमाशों ने पेट्रोल पंप के सेल्समैन से फिल्मी स्टाइल में एक लाख लूट लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश हाइवे की तरफ भाग निकले। राहगीरों की मदद से सेल्समैन ने मालिक को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना पर पहुंची ने छानबीन की। पुलिस सेल्समैन से पूछताछ कर रही है।
कोखराज हाइवे पर वीरेंद्र प्रताप सिंह समता फीलिंग सेंटर के नाम से पेट्रोल पंप खोल रखा है। सोमवार की दोपहर करीब तीन बजे उनका सेल्समैन कोखराज गांव निवासी मंदीप कुमार पुत्र बनवारी पंप का एक लाख रुपया लेकर भरवारी स्थित बैंक में जमा करने के लिए आ रहा था। मंदीप ने पुलिस को बताया कि जैसे ही वह महेशपुर गांव के समीप पहुंचा तभी पीछे और आगे की तरफ से दो पल्सर बाइक पर सवार चार बदमाशों ने उसे रोक लिया और पेटेल पंप का एक लाख चार हजार रुपया छीन लिया। मंदीप के पास रहे 45 सौ नकद व मोबाइल छीनने के बाद बदमाश हाइवे की तरफ भाग निकले। मंदीप भी बदमाशों के पीछे बाइक से निकला । बदमाशों की स्पीड ज्यादा होने के कारण वह उन्हें नहीं पकड़ रहा। राहगीरों से मोबाइल मांग कर उसने घटना की जानकारी वीरेंद्र सिंह को दी। वीरेंद्र ने पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी। इस बाबत कोखराज इंस्पेक्टर अजीत पांडेय का कहना है कि मंदीप ने चार अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी है। घटना संदिग्ध लग रही है। फिलहाल सेल्समैन से पूछताछ किया जा रहा है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।